पीलीभीत में बाढ़ का अलर्ट: नदियां उफान पर, शारदा में 2 लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा; कक्षा 8 तक स्कूल बंद

Tuesday, September 1, 2026 - 18:14
0
पीलीभीत में बाढ़ का अलर्ट: नदियां उफान पर, शारदा में 2 लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा; कक्षा 8 तक स्कूल बंद

पीलीभीत। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बाद बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। शारदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। मंगलवार को बनबसा बैराज से शारदा नदी में दो लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़े जाने के बाद जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। निचले इलाकों और नदी किनारे बसे गांवों में निगरानी बढ़ा दी गई है।

बीते 12 घंटों में हुई तेज बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। कई परिषदीय स्कूलों में भी पानी भरने से शिक्षण कार्य प्रभावित हुआ। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने बुधवार को कक्षा आठ तक के सभी स्कूलों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।

जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने मंगलवार को शारदा नदी के आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से नदी के जलस्तर और बनबसा बैराज से छोड़े जा रहे पानी की स्थिति की जानकारी ली। डीएम ने निचले इलाकों में लगातार निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू करने के निर्देश दिए।

प्रशासन ने नदी किनारे बसे ग्रामीणों को सतर्क रहने और तेज बहाव वाले स्थानों के पास नहीं जाने की सलाह दी है। जलस्तर बढ़ने की स्थिति में लोगों से सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर जाने को कहा गया है। बाढ़ चौकियों को सक्रिय रखने के साथ संबंधित विभागों को आवश्यक संसाधनों के साथ तैयार रहने के निर्देश भी दिए गए हैं।

डीएम ने भगा मोहम्मदगंज के देवहा पुल के पास मार्ग कटान की स्थिति का भी जायजा लिया। ग्रामीणों ने मार्ग बह जाने से हो रही परेशानी की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने समस्या के जल्द समाधान के लिए शासन स्तर पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।

फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखने और संभावित बाढ़ की स्थिति में लोगों को सुरक्षित रखने की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User