मुंबई की चार मंजिला व्यावसायिक इमारत में लगी आग, 11 लोगों को सुरक्षित बचाया गया
मुंबई में सोमवार तड़के कांदिवली स्टेशन रोड स्थित एक चार मंजिला व्यावसायिक इमारत में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। अग्निशमन दल ने इमारत में फंसे 11 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पुलिस के अनुसार, आग सोमवार तड़के करीब 4:14 बजे कांदिवली स्टेशन रोड पर स्थित अभिराय होटल वाली इमारत में लगी। आग लगने के बाद पूरी इमारत में धुआं भर गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। अग्निशमन कर्मियों ने इमारत के अंदर मौजूद 11 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
अधिकारियों के मुताबिक, इमारत में मौजूद फर्नीचर, बांस, एल्युमीनियम और प्लास्टिक जैसी सामग्री के कारण आग तेजी से फैल गई। अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सुबह करीब 6:07 बजे तक आग पूरी तरह बुझा दी गई।
फिलहाल घटना में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और अग्निशमन विभाग तथा पुलिस की टीमें मामले की पड़ताल में जुटी हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)