मीरी-पीरी खालसा मार्च में खलल की आशंका, श्री अकाल तख्त सचिवालय ने प्रशासन को किया सतर्क
अमृतसर। एसजीपीसी की ओर से निकाले जा रहे मीरी-पीरी खालसा मार्च के अंतिम चरण को लेकर श्री अकाल तख्त साहिब सचिवालय ने जिला प्रशासन और पुलिस को सतर्क किया है। सचिवालय के इंचार्ज बगीचा सिंह ने आशंका जताई है कि अंतिम दो दिनों के दौरान कुछ शरारती तत्व मार्च में व्यवधान पैदा करने का प्रयास कर सकते हैं।
मीरी-पीरी खालसा मार्च का तीसरा चरण 17 सितंबर से तख्त श्री केसगढ़ साहिब, श्री आनंदपुर साहिब से शुरू हुआ था। यह मार्च पंजाब के विभिन्न गांवों, शहरों और कस्बों से होते हुए 25 सितंबर को श्री अकाल तख्त साहिब पहुंचकर संपन्न होगा। इस दौरान सिख धर्म के प्रचार-प्रसार के साथ युवाओं को नशे और सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का संदेश दिया जा रहा है।
सचिवालय के अनुसार, मार्च के दौरान बड़ी संख्या में युवाओं ने सिख स्वरूप बनाए रखने और नशे से दूर रहने का संकल्प लिया है। धार्मिक हस्तियों और प्रचारक जत्थों की ओर से भी अलग-अलग स्थानों पर संगत को संबोधित किया गया है।
बगीचा सिंह ने कहा कि मार्च के अंतिम दो दिनों में किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए प्रशासन को पहले से आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था करनी चाहिए। उन्होंने अमृतसर जिला प्रशासन और पुलिस से मार्च के निर्धारित पड़ावों और रूट पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात करने तथा संभावित उपद्रवियों की पहचान कर समय रहते आवश्यक कदम उठाने की अपील की है।
श्री अकाल तख्त साहिब सचिवालय की ओर से कहा गया है कि मार्च के शांतिपूर्ण समापन के लिए प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। 25 सितंबर को मार्च के श्री अकाल तख्त साहिब पहुंचने के साथ तीसरे चरण का समापन होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)