ग्वालियर से बीरपुर तक रेल सेवा का विस्तार, ग्वालियर-चंबल में कनेक्टिविटी को मिलेगी नई रफ्तार : सिंधिया

Tuesday, August 18, 2026 - 22:03
Updated: 4 days ago
0
ग्वालियर से बीरपुर तक रेल सेवा का विस्तार, ग्वालियर-चंबल में कनेक्टिविटी को मिलेगी नई रफ्तार : सिंधिया

केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज ग्वालियर से कैलारस होते हुए बीरपुर तक यात्री रेल सेवा के विस्तार को वर्चुअली हरी झंडी दिखाई। इस अवसर को क्षेत्र के हजारों परिवारों के लिए खुशी और नई उम्मीद का दिन बताते हुए केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि ग्वालियर-कैलारस-बीरपुर तक यात्री रेल सेवा की शुरुआत के बाद अब इसे बीरपुर तक विस्तारित किया जाना केवल रेल सेवा का विस्तार नहीं, बल्कि ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के विकास, रोजगार, व्यापार, शिक्षा, पर्यटन और बेहतर कनेक्टिविटी के एक नए अध्याय की शुरुआत है। 

उन्होंने कहा कि वर्ष 2020 में नैरो गेज सेवा बंद होने के बाद इस मार्ग से जुड़े यात्रियों को जिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, आज ब्रॉडगेज की आधुनिक रेल सेवा के माध्यम से उनका समाधान हो रहा है। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर भी कार्यक्रम से वर्चुअली जुड़े। 

*क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग हुई पूरी, ग्वालियर से बीरपुर तक जुड़ा रेल संपर्क*

केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि ग्वालियर–बीरपुर रेल सेवा का पुनः संचालन क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी। जब लोगों ने अपनी आवश्यकता उनके सामने रखी, तो उन्होंने इसे रेल मंत्रालय के समक्ष गंभीरता से रखा। उन्होंने कहा कि उन्हें प्रसन्नता है कि उनके आग्रह पर त्वरित कार्रवाई हुई और आज यह सेवा बीरपुर तक पहुंच रही है। उन्होंने इस अवसर पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने क्षेत्र की इस आवश्यकता को प्राथमिकता दी। 

विदित रहे कि 6 अक्टूबर 2024 को ग्वालियर-कैलारस तक की पहले चरण की ट्रेन को केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। आज उसी ट्रेन के विस्तार की सौगात दी गई है। साथ ही केन्द्रीय मंत्री ने यह भी बताया कि बीरपुर से आगे श्योपुर कलां तक का 95 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और जल्द ही इसे भी चालू किया जाएगा। 

*हजारों यात्रियों को सीधा लाभ, यात्रा का समय होगा आधे से भी कम*

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि वर्तमान में कैलारस तक प्रतिदिन 8 से 10 हजार यात्री MEMU सेवा का लाभ उठा रहे हैं। बीरपुर तक रेल सेवा के विस्तार के बाद 6 से 8 हजार अतिरिक्त यात्रियों को लाभ मिलने की संभावना है। नई ब्रॉडगेज लाइन के माध्यम से यात्रा का समय भी 6.5 घंटे से घटकर लगभग 3 से 4 घंटे रह जाएगा।

उन्होंने कहा कि बेहतर रेल कनेक्टिविटी से केवल यात्रियों की सुविधा ही नहीं बढ़ेगी, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी। कूनो राष्ट्रीय उद्यान और श्योपुर का ऐतिहासिक किला जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल बेहतर रेल संपर्क से और अधिक सुलभ होंगे। इस सेवा से ग्वालियर–बीरपुर क्षेत्र में लगभग 15 से 20 लाख तथा पूरे ग्वालियर–श्योपुर कॉरिडोर में 35 से 50 लाख लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष लाभ मिलने की संभावना है।

*₹2,355 करोड़ की परियोजना से ग्वालियर–श्योपुर रेल कनेक्टिविटी को मिलेगी नई गति*

ग्वालियर–श्योपुरकलां आमान परिवर्तन परियोजना 189 किलोमीटर लंबी है, जिसे ₹2,355 करोड़ की लागत से विकसित किया जा रहा है। परियोजना के तहत अब तक 118 किलोमीटर ट्रैक का कार्य पूरा हो चुका है और शेष कार्य तेजी से जारी है। इसे 31 दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि भविष्य में यह रेल कनेक्टिविटी ग्वालियर–श्योपुर के रास्ते इटावा और आगे दिल्ली से बेहतर जुड़ाव का मार्ग भी प्रशस्त करेगी। इससे क्षेत्र के औद्योगिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी तथा युवाओं, किसानों, व्यापारियों और विद्यार्थियों के लिए अवसरों का विस्तार होगा।

9

*100 से अधिक गांवों के मिलेगा इस रेल सेवा से सीधा लाभः केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव*

केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि ये रेलवे लाइन अत्यंत महत्वपूर्ण है, लगभग 100 से अधिक गांवों को इस रेलवे लाइन से प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। आगामी समय में इसे कोटा से भी जोड़ा जाएगा जिससे कोटा तक कनेक्टिविटी बढ़ जाएगी। केन्द्रीय रेल मंत्री ने बताया कि इस सेक्शन से आगे सिरोली रोड और श्योपुर कलां तक का लगभग 95 प्रतिशत कार्य पूरा हो गया है और आगामी कुछ महीनों में ही इसकी सौगात भी जनकल्याण में समर्पित की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश के लिए रेलवे बजट यूपीए के मुकाबले 24 गुना बढ़ चुका है। आज मध्य प्रदेश में 5 वंदे भारत और 7 अमृत भारत ट्रेन चल रही हैं। जिससे मध्य प्रदेश के जन-जन के जीवन में सुगमता आई है और विकास हर घर तक पहुंच रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User