नेपाल में हिंदू राष्ट्र की मांग ने बदला सियासी एजेंडा, 13 सूत्री वार्ता के बाद सर्वदलीय बैठक की तैयारी
नेपाल में हिंदू राष्ट्र की मांग अब केवल सड़कों पर होने वाले आंदोलनों तक सीमित नहीं रह गई है। जनकपुर में हुई 13 सूत्री वार्ता के बाद यह मुद्दा राजनीतिक विमर्श के केंद्र में पहुंचता दिखाई दे रहा है। गृह मंत्री सुदन गुरुंग और संयुक्त हिंदू मोर्चा समेत विभिन्न हिंदू संगठनों के बीच 1 और 2 अगस्त को हुई वार्ता में हिंदू राष्ट्र के मुद्दे पर तीन महीने के भीतर सर्वदलीय बैठक बुलाकर राजनीतिक चर्चा आगे बढ़ाने पर सहमति बनी है।
सुनसरी हिंसा के बाद नेपाल में धार्मिक पहचान को लेकर बहस तेज हुई थी। अब जनकपुर वार्ता के जरिए इस मुद्दे को सत्ता के स्तर पर उठाने की कोशिश की जा रही है। इसे इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि हिंदू राष्ट्र की मांग पहली बार सड़क के आंदोलन से आगे बढ़कर सर्वदलीय राजनीतिक चर्चा की दिशा में जाती दिखाई दे रही है।
13 सूत्री वार्ता में हिंदू राष्ट्र के मुद्दे पर तीन महीने के भीतर सर्वदलीय बैठक बुलाने की बात शामिल है। इसके अलावा धार्मिक आयोजनों में हथियारों के प्रदर्शन पर नियंत्रण, धार्मिक स्थलों पर बाहरी लाउडस्पीकर के इस्तेमाल को नियंत्रित करने और धार्मिक स्थलों पर रहने वाले लोगों का रिकॉर्ड तैयार करने की मांग रखी गई है। विदेशी नागरिकों की अलग पहचान दर्ज करने का प्रस्ताव भी शामिल है।
वार्ता में धार्मिक या जातीय आधार पर नफरत फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई। सुनसरी के देवांगंज में हुई हिंसा के बाद गिरफ्तार लोगों के मामलों की समीक्षा करने और आंदोलन में घायल लोगों के इलाज की व्यवस्था सरकार से करने की बात भी कही गई।
इसके अलावा धार्मिक आयोगों की उपयोगिता और उनके कानूनी आधार की समीक्षा, आंदोलन में शामिल लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और वर्ष 2005-06 से जारी नागरिकताओं की जांच करने की मांग रखी गई है। संदिग्ध नागरिकता मामलों में कार्रवाई का भी प्रस्ताव है।
13 सूत्री समझौते में धार्मिक संस्थाओं को मिलने वाली फंडिंग की जांच और निगरानी की मांग भी शामिल है। आनंद दास मामले में पथराव कर घायल करने वालों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित को मुआवजा देने की बात कही गई है।
वार्ता के बाद संयुक्त हिंदू मोर्चा ने अपने आंदोलन के सभी कार्यक्रम फिलहाल स्थगित करने पर सहमति जताई है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि प्रस्तावित सर्वदलीय बैठक में हिंदू राष्ट्र की मांग पर राजनीतिक दल किस तरह की भूमिका अपनाते हैं और यह मुद्दा नेपाल की आगे की राजनीति को कितना प्रभावित करता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)