सीएम योगी बोले- सर्वोदय विद्यालयों में बड़े बदलाव जरूरी, खाली पदों पर जल्द होगी शिक्षकों की भर्ती
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों के बेहतर संचालन के लिए व्यवस्थाओं में व्यापक बदलाव करने के निर्देश दिए हैं। गुरुवार को समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने विद्यालयों के लिए स्पष्ट नियमावली तैयार करने, शिक्षकों के खाली पदों पर चयन प्रक्रिया आगे बढ़ाने और आवासीय विद्यालयों के प्रबंधन को अधिक व्यवस्थित बनाने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक जरूरतों के अनुरूप पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध होना जरूरी है। उन्होंने शिक्षकों के रिक्त पदों को जल्द भरने और विद्यालयों के संचालन के लिए एक व्यवस्थित सोसाइटी गठित करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में 93 जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय संचालित थे। वर्ष 2025-26 तक इनकी संख्या बढ़कर 103 हो गई है। इनमें 59 विद्यालय सीबीएसई और 44 विद्यालय यूपी बोर्ड से संबद्ध हैं। मुख्यमंत्री ने विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।
अभ्युदय योजना की भी हुई समीक्षा
बैठक में मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना की भी समीक्षा की। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध कराने और योजना का लाभ अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि अभ्युदय योजना के तहत प्रदेश में 163 केंद्र संचालित हैं, जहां 1,783 इम्पैनल्ड शिक्षक विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दे रहे हैं। यूपीएससी, पीसीएस, नीट, जेईई और एनडीए/सीडीएस समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कुल 23,801 विद्यार्थी पंजीकृत हैं।
बैठक में समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण समेत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)