लखनऊ में गोबर के बीच बन रही थीं मिठाइयां, 40-50 भैंसें बंधी मिलीं; प्रतिष्ठान बंद
लखनऊ के काकोरी क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में मिठाई बनाने वाले एक प्रतिष्ठान में गंभीर लापरवाही सामने आई है। हरदोईया लालनगर स्थित शिवाछी स्वीट में गंदगी और गोबर के बीच मिठाइयां तैयार की जा रही थीं। परिसर में करीब 40 से 50 भैंसें बंधी थीं और उनके गोबर की छींटें तैयार मिठाइयों तक पहुंच रही थीं। कार्रवाई करते हुए विभाग ने प्रतिष्ठान को तत्काल बंद करा दिया।
सहायक आयुक्त द्वितीय खाद्य विजय प्रताप सिंह के अनुसार, जांच के दौरान करीब 1,000 लीटर मिठाई बनाने का घोल मिला, जिसमें मरी हुई मक्खियां पड़ी थीं। करीब 1,675 किलो मिठाइयां भी दूषित मिलीं। इनमें कलाकंद, डोडा बर्फी, चिकनी बर्फी और पेड़ा शामिल थे।
देर रात कार्रवाई पूरी होने के कारण दूषित सामग्री को परिसर में ही सील कर दिया गया। विभाग के अनुसार, करीब 2,675 किलो दूषित खाद्य पदार्थ नष्ट कराया जाएगा।
686 किलो सामग्री जब्त, 15 नमूने जांच को भेजे
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने करीब 79,170 रुपये कीमत की 686 किलो खाद्य सामग्री भी जब्त की। इसमें सूजी, स्किम्ड मिल्क पाउडर, बूंदी, मूंगफली और अन्य सामग्री शामिल है। जांच के दौरान लिए गए 15 नमूनों को प्रयोगशाला भेजा गया है।
करीब 25 कर्मचारी बिना एप्रेन, दस्ताने और सिर ढकने वाले कपड़ों के काम करते मिले। उनका स्वास्थ्य परीक्षण भी नहीं कराया गया था। परिसर में खुली नाली और गंदा पानी भी मिला।
विभाग ने प्रतिष्ठान के संचालक संजीत कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। अधिकारियों के मुताबिक, संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर खाद्य लाइसेंस निलंबित या निरस्त किया जा सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)