छत्तीसगढ़ हॉकी लीग: युवराज वाल्मीकि की हैट्रिक से चक्रधर चैंपियंस की जीत

Saturday, October 24, 2026 - 14:02
0
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग: युवराज वाल्मीकि की हैट्रिक से चक्रधर चैंपियंस की जीत

रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में रोमांचक मुकाबलों का सिलसिला जारी है। लीग के दूसरे दिन शुक्रवार को खेले गए दूसरे मुकाबले में चक्रधर चैंपियंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 6-4 से हरा दिया। भारतीय हॉकी खिलाड़ी युवराज वाल्मीकि ने शानदार हैट्रिक लगाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। मुकाबला देखने छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव भी पहुंचे और दोनों टीमों के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

मैच की शुरुआत से ही चक्रधर चैंपियंस ने आक्रामक खेल दिखाया। अनुभवी भारतीय खिलाड़ी एस.वी. सुनील के बेहतरीन पास पर युवराज वाल्मीकि ने रिबाउंड से गोल कर टीम का खाता खोला। इसके तुरंत बाद अर्जुन यादव के शानदार प्रयास से कार्तिक यादव ने दूसरा गोल दागकर बढ़त 2-0 कर दी। दूसरे क्वार्टर में पेनल्टी कॉर्नर के बेहतरीन तालमेल से वाल्मीकि ने अपना दूसरा गोल किया। संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की ओर से शाहरुख ने गोल कर वापसी की कोशिश की, लेकिन वाल्मीकि ने पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर अपनी हैट्रिक की ओर कदम बढ़ाया।

तीसरे क्वार्टर में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने जोरदार वापसी की। शाहरुख और शमशेर के गोल की बदौलत टीम ने अंतर घटाकर 4-3 कर दिया और मुकाबले को रोमांचक बना दिया। हालांकि, अंतिम क्वार्टर में चक्रधर चैंपियंस ने फिर से बढ़त मजबूत की। मनीष ने शानदार डिफ्लेक्शन से गोल किया, जबकि युवराज वाल्मीकि ने रिबाउंड पर अपना तीसरा गोल दागकर हैट्रिक पूरी की। संस्कारधानी की ओर से शमशेर ने एक और गोल किया, लेकिन टीम हार टाल नहीं सकी और मुकाबला 6-4 से चक्रधर चैंपियंस के पक्ष में समाप्त हुआ।

शानदार प्रदर्शन के लिए युवराज वाल्मीकि को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जबकि संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के शाहरुख को स्ट्राइकर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला। दिन के एक अन्य मुकाबले में मैनपाट टाइटन्स और बैलाडीला बुल्स के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। दोनों टीमों ने 3-3 से मुकाबला ड्रॉ खेला। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के शुरुआती मुकाबलों में खिलाड़ियों के आक्रामक प्रदर्शन ने प्रतियोगिता का रोमांच बढ़ा दिया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User