छत्तीसगढ़: रायपुर-बिलासपुर हाईवे पर बस-ट्रक की टक्कर, 3 यात्रियों की मौत, 10 घायल
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में सोमवार सुबह रायपुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर भीषण सड़क हादसा हो गया। दरचुरा गांव के पास तेज रफ्तार यात्री बस सड़क पर खड़े खराब ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर मौत हो गई, जबकि आठ से दस लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, रॉयल ट्रेवल्स की बस सोमवार सुबह अंबिकापुर से यात्रियों को लेकर रायपुर जा रही थी। बस में करीब 22 यात्री सवार थे। सुबह लगभग 5:30 बजे सिमगा थाना क्षेत्र में दरचुरा गांव के पास इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के नजदीक यह दुर्घटना हुई। बताया जा रहा है कि खराब होने के कारण ट्रक सड़क पर खड़ा था और उसे लेकर आने-जाने वाले वाहनों को सावधान करने के लिए ट्रैफिक कोन लगाए गए थे। इसके बावजूद बस ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री अंदर फंस गए। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही सिमगा पुलिस और आपातकालीन बचाव दल मौके पर पहुंचे। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर और अन्य उपकरणों की मदद ली गई। घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिमगा पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस मृतकों की पहचान करने और हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि बस चालक को ट्रक दिखाई क्यों नहीं दिया और सड़क पर खड़े खराब वाहन के आसपास सुरक्षा संकेत पर्याप्त थे या नहीं। फिलहाल दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)