एनटीपीसी कोरबा की सात में से तीन यूनिट 24 घंटे बाद फिर चालू, बाकी की बहाली जारी
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा स्थित एनटीपीसी पावर प्लांट में शुक्रवार शाम बिजली संबंधी तकनीकी खराबी के कारण ठप हुई सात यूनिट में से तीन को करीब 24 घंटे बाद फिर से चालू कर दिया गया। शनिवार शाम तक 500 मेगावाट की दो और 200 मेगावाट की एक यूनिट को सफलतापूर्वक बहाल कर लिया गया। बाकी यूनिट को भी निर्धारित सुरक्षा और संचालन प्रक्रियाओं के तहत चरणबद्ध तरीके से शुरू करने का काम जारी है।
एनटीपीसी अधिकारियों के मुताबिक, दरी क्षेत्र स्थित संयंत्र में शुक्रवार शाम करीब छह बजे बिजली संबंधी फॉल्ट के बाद सभी सात यूनिट अचानक ट्रिप हो गई थीं। इसके चलते प्लांट में बिजली उत्पादन पूरी तरह ठप हो गया था। घटना के बाद तकनीकी टीमों ने खराबी की जांच शुरू कर यूनिटों को दोबारा शुरू करने की प्रक्रिया शुरू की।
एनटीपीसी की जनसंपर्क अधिकारी उष्मा घोष ने बताया कि शनिवार शाम छह बजे तक तीन यूनिटों को सफलतापूर्वक पुनः चालू कर लिया गया। इनमें 500-500 मेगावाट की दो यूनिट और 200 मेगावाट की एक यूनिट शामिल है।
एनटीपीसी कोरबा प्लांट की कुल स्थापित क्षमता करीब 2600 मेगावाट है। इसमें 500 मेगावाट की चार और 200 मेगावाट की तीन यूनिट शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, 500 मेगावाट की एक यूनिट में 25 अगस्त से ही निर्धारित ओवरहॉलिंग का काम चल रहा है।
शेष तीन यूनिटों को सुरक्षा और संचालन से जुड़े सभी निर्धारित मानकों का पालन करते हुए क्रमवार बहाल किया जा रहा है। एनटीपीसी के मुताबिक, यूनिटों को दोबारा चालू करने की प्रक्रिया में सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक तकनीकी जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)