बिहार: 13 जिलों के अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालयों में नामांकन शुरू, 3 नवंबर तक करें आवेदन
पटना। बिहार के 13 जिलों में संचालित अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं और 11वीं में नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक और पात्र विद्यार्थी 3 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इन विद्यालयों में चयनित विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ रहने, भोजन, पोशाक, पाठ्य सामग्री और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
योजना के तहत बिहार के पात्र अल्पसंख्यक समुदायों के विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए अधिकतम आयु सीमा 16 वर्ष और कक्षा 11वीं के लिए 18 वर्ष निर्धारित की गई है। आवेदकों के परिवार की वार्षिक आय छह लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। विद्यार्थियों को आवेदन के दौरान निर्धारित पात्रता और जरूरी दस्तावेजों से संबंधित दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा।
नामांकन प्रक्रिया के तहत कुल सीटों में 50 प्रतिशत सीटें छात्राओं के लिए आरक्षित हैं। वहीं, छात्र और छात्रा दोनों वर्गों में 75 प्रतिशत सीटें ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए निर्धारित की गई हैं। इसके अलावा राज्य सरकार के नियमानुसार आरक्षण का लाभ भी दिया जाएगा। कक्षा 11वीं में विद्यार्थियों के लिए विज्ञान और कला संकाय में पढ़ाई का विकल्प उपलब्ध रहेगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रवेश पत्र 7 से 10 नवंबर तक डाउनलोड किए जा सकेंगे। प्रवेश परीक्षा 12 नवंबर को आयोजित होगी और परिणाम 25 नवंबर को घोषित किए जाने प्रस्तावित हैं। चयनित विद्यार्थियों का नामांकन 1 से 7 दिसंबर तक किया जाएगा, जबकि कक्षाएं 8 दिसंबर से शुरू होंगी।
इच्छुक विद्यार्थी बिहार अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने से पहले पात्रता, परीक्षा कार्यक्रम और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी ध्यानपूर्वक जांच लें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)