यूपी: राहुल गांधी के काफिले की टक्कर की जांच करेगी SIT, तीन सदस्यीय टीम गठित
लखनऊ। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के सुल्तानपुर दौरे के दौरान पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर उनके काफिले के पीछे चल रहे वाहनों की टक्कर के मामले में उत्तर प्रदेश सरकार ने जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण के निर्देश पर तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया है। टीम हादसे के कारणों के साथ सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में संभावित चूक की भी जांच करेगी।
एसआईटी की अध्यक्षता लखनऊ परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक किरण एस करेंगे। टीम में सुल्तानपुर के अपर पुलिस अधीक्षक बृज नारायण सिंह और यातायात के पुलिस उपाधीक्षक राम कृष्ण चतुर्वेदी को सदस्य बनाया गया है। जांच दल को सभी पहलुओं की पड़ताल कर जल्द से जल्द विस्तृत रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह राहुल गांधी लखनऊ से सुल्तानपुर की एमपी-एमएलए अदालत में पेशी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान सुल्तानपुर के हलियापुर क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर उनके काफिले के पीछे चल रही चार कारें और एक एंबुलेंस आपस में टकरा गईं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अचानक ब्रेक लगने के बाद पीछे चल रहे वाहन आपस में भिड़ गए। हादसे में वाहनों को नुकसान पहुंचा, जबकि राहुल गांधी सुरक्षित रहे।
एसआईटी दुर्घटना के वास्तविक कारणों और उससे जुड़ी परिस्थितियों की जांच करेगी। इसके अलावा काफिले की सुरक्षा, एस्कॉर्ट वाहनों की व्यवस्था और यातायात प्रबंधन में किसी तरह की लापरवाही या चूक हुई या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जाएगी। जांच दल को भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुझाव देने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
पुलिस के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के कारणों और किसी संभावित लापरवाही की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)