खरगे के बयान पर भाजपा का देशव्यापी प्रदर्शन, पटना में फूंका पुतला
पटना। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर की गई टिप्पणी पर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। बयान के विरोध में भाजपा ने सोमवार को देशभर में प्रदर्शन किया। पटना में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जन आक्रोश मार्च निकाला और कांग्रेस अध्यक्ष का पुतला फूंका। पार्टी ने खरगे से बिना शर्त माफी मांगने की मांग की।
यह विवाद रविवार को पटना में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ। भाषण देते समय खरगे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर अपनी बात रख रहे थे। इसी दौरान श्रोताओं में मौजूद एक व्यक्ति ने प्रधानमंत्री मोदी के सत्ता में बने रहने की बात कही। इस पर खरगे ने जवाब देते हुए ऐसी टिप्पणी की, जिसे लेकर भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताई।
सोमवार को बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कार्यालय से आयकर गोलंबर तक मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान खरगे और कांग्रेस के खिलाफ नारे लगाए गए तथा उनका पुतला जलाया गया। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि सार्वजनिक मंच से इस तरह की टिप्पणी राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से माफी मांगने की मांग भी की।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत भाजपा के कई नेताओं ने खरगे के बयान की आलोचना की। वहीं, कांग्रेस ने अपने अध्यक्ष का बचाव करते हुए कहा कि उनकी टिप्पणी को संदर्भ से अलग करके पेश किया जा रहा है। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम के दौरान खरगे को बीच भाषण में टोका गया था और उनकी प्रतिक्रिया उसी संदर्भ में थी।
इस बयान को लेकर पटना में खरगे के खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दी गई है। फिलहाल मामला राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का केंद्र बना हुआ है और दोनों दलों के बीच बयानबाजी तेज हो गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)