बिहार: अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी से छिना राज्यमंत्री का दर्जा, समिति से हटाया
पटना। बिहार में मोकामा विधायक अनंत सिंह और उनके परिवार की मुश्किलें बढ़ गई हैं। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) से छह साल के लिए निष्कासन के बाद अब उनकी पत्नी और पूर्व विधायक नीलम देवी को राज्य स्तरीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति से हटा दिया गया है। इसके साथ ही उन्हें मिला राज्य मंत्री के समकक्ष दर्जा भी समाप्त हो गया है।
नीलम देवी को करीब पांच महीने पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता वाली राज्य स्तरीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति में सदस्य बनाया गया था। समिति के सदस्यों को उप मंत्री का दर्जा दिया गया था। अब पद से हटाए जाने के बाद उन्हें इससे जुड़ी सुविधाएं भी नहीं मिलेंगी।
इससे पहले 24 अक्टूबर को जदयू ने अनंत सिंह और नीलम देवी को कथित पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में छह साल के लिए निष्कासित कर दिया था। पार्टी नेतृत्व ने आरोप लगाया कि अनंत सिंह ने पार्टी के निर्देशों की अवहेलना की और विधान परिषद चुनाव में जदयू के आधिकारिक उम्मीदवार नीरज कुमार के बजाय जनसुराज समर्थित उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन किया। पार्टी ने अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता समाप्त करने की सिफारिश भी की है।
नीलम देवी को समिति से हटाने की कार्रवाई जदयू की अनुशंसा के बाद किए जाने की खबर है। हालांकि, इस कदम को लेकर सरकार की ओर से विस्तृत आधिकारिक कारण सामने नहीं आया है। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से बिहार की राजनीति में अनंत सिंह और जदयू के बीच विवाद चर्चा का विषय बन गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)