रायपुर कालीबाड़ी में सिंदूर खेला, नम आंखों से मां दुर्गा को दी विदाई
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के डॉ. राजेंद्र नगर स्थित त्रिलोकी मां कालीबाड़ी में विजयादशमी के अवसर पर बंगाली समाज की महिलाओं ने पारंपरिक ‘सिंदूर खेला’ की रस्म निभाई। मां दुर्गा की विदाई से पहले महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और देवी को सिंदूर अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि तथा अखंड सौभाग्य की कामना की।
लाल-सफेद पारंपरिक साड़ियों में सजी महिलाओं ने ढाक की थाप और शंखनाद के बीच मां दुर्गा की मांग में सिंदूर लगाया। इसके बाद एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर उत्सव मनाया और मां को भावभीनी विदाई दी। पूरे परिसर में भक्ति और उल्लास का माहौल रहा, वहीं विदाई के समय कई श्रद्धालु भावुक भी हो गए।
बंगाली हिंदू समाज में सिंदूर खेला की विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता है। मान्यता के अनुसार, मां दुर्गा नवरात्र के दौरान अपने मायके आती हैं और दशमी पर अपने ससुराल लौटती हैं। इसी भाव के साथ उन्हें बेटी की तरह विदाई दी जाती है। महिलाएं देवी को सिंदूर अर्पित करने के बाद एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर सौभाग्य और खुशहाली की कामना करती हैं।
सिंदूर खेला के साथ दुर्गोत्सव का समापन हुआ। श्रद्धालुओं ने ‘आबार एशो मां’ के जयकारों के साथ प्रार्थना की कि मां दुर्गा अगले वर्ष फिर आएं और सभी के जीवन में सुख, शांति तथा समृद्धि लेकर आएं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)