भुवनेश्वर में कैब-बाइक चालकों की हड़ताल हिंसक, पुलिस पर पथराव और बसों में तोड़फोड़; 30 से ज्यादा हिरासत में

Wednesday, August 19, 2026 - 16:54
0
भुवनेश्वर में कैब-बाइक चालकों की हड़ताल हिंसक, पुलिस पर पथराव और बसों में तोड़फोड़; 30 से ज्यादा हिरासत में

भुवनेश्वर। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में एप आधारित कैब और बाइक चालकों की हड़ताल बुधवार को हिंसक हो गई। प्रदर्शनकारियों ने पीएमजी स्क्वायर पर पुलिसकर्मियों पर कथित तौर पर पथराव किया और कुछ सरकारी सिटी बसों में तोड़फोड़ की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 30 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है और कई वाहन जब्त किए हैं।

एप आधारित वाहन सेवाओं से जुड़े कैब और बाइक चालक 17 अगस्त से सात सूत्री मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में किराया बढ़ाना, एप कंपनियों की ओर से लिए जाने वाले शुल्क को कम करना, सामाजिक सुरक्षा और अन्य सुविधाएं शामिल हैं।

बुधवार को सैकड़ों प्रदर्शनकारी राजमहल स्क्वायर से रैली निकालते हुए महात्मा गांधी मार्ग पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर अपने वाहन खड़े कर दिए, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। मास्टर कैंटीन और रेलवे स्टेशन के आसपास भी वाहनों की आवाजाही बाधित रही।

पुलिस के मुताबिक, जब अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से सड़क खाली करने की अपील की तो स्थिति बिगड़ गई। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बल पर पथराव शुरू कर दिया। इसके बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई, जिसमें कुछ पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान कुछ सरकारी सिटी बसों को भी नुकसान पहुंचाया गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया और उनके वाहन जब्त कर लिए।

पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के लिए एक दिन की अनुमति दी गई थी, लेकिन आंदोलन दूसरे दिन भी जारी रहा। इसके बाद प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव बढ़ गया।

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पुलिस पर पथराव के मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User