जंतर-मंतर प्रदर्शन में घायल साहिल की शिकायत पर एफआईआर दर्ज, शरीर में 200 से ज्यादा छर्रे होने का दावा
जंतर-मंतर से संसद की ओर निकाले गए छात्र मार्च के दौरान पैलेट से घायल हुए साहिल लोचब की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। यह एफआईआर राहुल गांधी के संसद मार्ग थाने के बाहर करीब आठ घंटे तक धरने पर बैठने के बाद दर्ज की गई।
एफआईआर में साहिल ने आरोप लगाया है कि 20 जुलाई को प्रदर्शन के दौरान उन पर धातु के पैलेट दागे गए, जिससे उनकी दाहिनी आंख की रोशनी चली गई। शिकायत के अनुसार, उनके शरीर के कई हिस्सों में 200 से अधिक धातु के छर्रे पाए गए हैं।
साहिल के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान लाठीचार्ज और आंसू गैस के बीच वह पालिका, कनॉट प्लेस क्षेत्र तक पहुंच गए थे। उनके हाथ में तिरंगा था। इसी दौरान उन्होंने दाहिनी आंख, छाती और बाजू में तेज चोट महसूस की। पीछे मुड़कर देखने पर उन्होंने नीली वर्दी पहने एक व्यक्ति को बड़ी बंदूक के साथ देखने का दावा किया, जिसने कथित तौर पर उनकी ओर पैलेट दागे।

शिकायत में इलाज का भी जिक्र
एफआईआर के मुताबिक, घायल होने के बाद साहिल को पहले लेडी हार्डिंग अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी पहली एमएलसी बनी। इसके बाद उन्हें सफदरजंग अस्पताल और फिर एम्स रेफर किया गया। 21 जुलाई की रात उन्हें एम्स आरपी सेंटर और बाद में ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। शिकायत के अनुसार, 22 जुलाई की रात उनकी आंख का पहला ऑपरेशन हुआ।
साहिल ने दावा किया है कि एम्स के सीटी स्कैन में शरीर के अलग-अलग हिस्सों में 200 से ज्यादा धातु के छर्रे मिले। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि डॉक्टरों ने आंख की रोशनी वापस आने की संभावना बेहद कम बताई है।
एफआईआर दर्ज होने के बाद साहिल ने राहुल गांधी का आभार जताया और कहा कि उनकी टीम पिछले करीब एक महीने से उनके संपर्क में थी। मामले में पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच करेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)