BJP का आरोप- सोनिया ने की वंदे मातरम् रुकवाने की कोशिश; कांग्रेस बोली- खरगे के लिए मांग रही थीं कुर्सी
नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ‘वंदे मातरम्’ गायन को लेकर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने आ गई हैं। भाजपा ने कांग्रेस नेताओं का एक वीडियो साझा कर आरोप लगाया कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी ‘वंदे मातरम्’ के दौरान असहज नजर आए और सोनिया गांधी ने गीत को रोकने का संकेत दिया। कांग्रेस ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सोनिया गांधी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के लिए कुर्सी मांग रही थीं।
भाजपा ने सोशल मीडिया पर साझा किया वीडियो
भाजपा ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर कांग्रेस मुख्यालय में हुए स्वतंत्रता दिवस समारोह का वीडियो साझा किया। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी नजर आ रहे हैं। भाजपा का दावा है कि ‘वंदे मातरम्’ की शुरुआती पंक्तियों के बाद सोनिया गांधी असहज दिखाई दीं और उन्होंने गीत रोकने का संकेत किया।
भाजपा ने इसे कांग्रेस की ‘भारत की सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रभाव’ के प्रति असहजता बताते हुए सवाल उठाया कि गांधी परिवार को ‘वंदे मातरम्’ से इतनी परेशानी क्यों है।
कांग्रेस ने आरोपों को किया खारिज
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने भाजपा के आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में ‘वंदे मातरम्’ का पूरा संस्करण गाया गया था और इसे लेकर किसी तरह का विवाद नहीं हुआ।
रमेश ने कांग्रेस के साथ ‘वंदे मातरम्’ के ऐतिहासिक जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि 1937 में कांग्रेस कार्यसमिति ने रवींद्रनाथ टैगोर की सलाह पर कांग्रेस अधिवेशनों में गीत के शुरुआती छंद गाने का फैसला किया था। उन्होंने कहा कि तब से कांग्रेस के अधिवेशनों और कार्यक्रमों में इसे गाया जाता रहा है।
सोनिया गांधी को लेकर क्या सफाई दी?
भाजपा के इस आरोप पर कि सोनिया गांधी ने ‘वंदे मातरम्’ का गायन रोकने का प्रयास किया, जयराम रमेश ने वीडियो में दिखाई दे रहे घटनाक्रम की अलग व्याख्या की। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी काफी देर से खड़ी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के लिए कुर्सी मांग रही थीं।
रमेश ने कहा कि कांग्रेस मुख्यालय के कार्यक्रम में ‘वंदे मातरम्’ का पूरा संस्करण गाया गया और इसे लेकर किसी विवाद का सवाल ही नहीं है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)