लगातार बारिश के बीच कलेक्टर-एसपी ने संभाला मोर्चा, जलस्रोतों और संवेदनशील इलाकों का किया निरीक्षण
जिले में लगातार हो रही बारिश और अतिवृष्टि की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल एवं पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने शुक्रवार को शहर और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सिंगवासा तालाब, नानाखेड़ी पुल, मणिधारी गार्डन के सामने की पुलिया, दो खंभा क्षेत्र, भुजरिया तालाब से लेकर गोपीकृष्ण सागर बांध तक स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जलस्रोतों और पुल-पुलियों के आसपास मौजूद लोगों को सावधानी बरतने की समझाइश दी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और जलभराव वाले क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही रोकने के निर्देश दिए।

सिंगवासा तालाब से शुरू हुआ निरीक्षण
कलेक्टर और एसपी ने सबसे पहले सिंगवासा तालाब पहुंचकर जलस्तर और आसपास की स्थिति देखी। उन्होंने लोगों से लगातार बारिश के दौरान तालाब और अन्य जलस्रोतों के पास नहीं जाने की अपील की। इसके बाद नानाखेड़ी पुलिया का निरीक्षण कर नगरीय प्रशासन को साफ-सफाई सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद अधिकारियों ने मणिधारी गार्डन के सामने की पुलिया, दो खंभा क्षेत्र और भुजरिया तालाब का निरीक्षण किया। यहां भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और लोगों को जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखने के निर्देश दिए गए।
गोपीकृष्ण सागर बांध से 164.44 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा
गोपीकृष्ण सागर बांध के एसडीओ ने अधिकारियों को बताया कि जलग्रहण क्षेत्र में अतिवृष्टि के कारण पानी की आवक लगातार बढ़ रही है। जलस्तर नियंत्रित रखने के लिए बांध के गेट खोले गए हैं।
वर्तमान में गेट क्रमांक 1, 4 और 5 बंद हैं, जबकि गेट क्रमांक 2 को 0.50 मीटर और गेट क्रमांक 3 को 1 मीटर खोला गया है। दोनों गेटों से कुल करीब 164.44 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा है।
चोपन नदी किनारे बसे गांवों में अलर्ट
बांध से पानी छोड़े जाने को देखते हुए रूठियाई क्षेत्र में चोपन नदी के किनारे बसे गांवों के लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। रूठियाई, अजरोड़ा, ब्रसंगपुरा (बुद्धापुरा), दावतपुरा, बालाभेंट, कोटरा और भुलाय गांवों के ग्रामीणों से अपने मवेशियों को नदी किनारे से दूर रखने को कहा गया है।
डैम क्षेत्र में आवाजाही और बोटिंग बंद रखने के निर्देश
कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने निर्देश दिए कि तेज बारिश के दौरान डैम क्षेत्र में लोगों की आवाजाही और बोटिंग पूरी तरह बंद रखी जाए। उन्होंने डैम के आसपास लोगों और वाहनों की एंट्री रोकने तथा जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग और गेट लगाकर अनधिकृत प्रवेश प्रतिबंधित करने के निर्देश दिए। भारी बारिश की चेतावनी समाप्त होने तक सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)