एअर इंडिया टर्बुलेंस मामला: एक महीने से पहले आ सकती है अंतरिम रिपोर्ट, सरकार ने जांच तेज करने के दिए निर्देश

Thursday, August 13, 2026 - 16:26
0
एअर इंडिया टर्बुलेंस मामला: एक महीने से पहले आ सकती है अंतरिम रिपोर्ट, सरकार ने जांच तेज करने के दिए निर्देश

एअर इंडिया की फुकेत-दिल्ली उड़ान एआई 2379 में टर्बुलेंस के मामले की जांच तेज कर दी गई है। सूत्रों के मुताबिक, विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) की अंतरिम रिपोर्ट एक महीने के भीतर आने की उम्मीद है। सरकार ने जांच एजेंसी को मामले की जांच तेजी से पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

दरअसल, थाईलैंड के फुकेत से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की उड़ान करीब 36 हजार फीट की ऊंचाई पर थी, तभी विमान अचानक करीब 300 फीट नीचे आ गया। अचानक हुए इस बदलाव के कारण करीब 24 यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई थी।

सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में जांच के लिए जरूरी अहम सबूत उपलब्ध हैं। फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (FDR) और कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (CVR) को सुरक्षित कर लिया गया है। इसके अलावा यात्रियों और क्रू के मेडिकल रिकॉर्ड तथा उनके बयान भी जांच का हिस्सा बनाए जाएंगे। इन सबूतों की उपलब्धता से जांच को तेजी से आगे बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

FDR और CVR के डेटा का विश्लेषण तेज होगा

जांच एजेंसी FDR और CVR से मिले डेटा के विश्लेषण की प्रक्रिया में तेजी लाएगी। सरकार और विमानन क्षेत्र के अधिकारियों की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और जरूरत पड़ने पर नियमों को और सख्त करने पर भी जोर दिया जा रहा है।

वहीं, विमानन नियामक और नागर विमानन मंत्रालय ने एअर इंडिया के संचालन को लेकर भी सख्ती दिखाई है। एयरलाइन को अपनी कार्यप्रणाली में सुधार करने और उड़ान सुरक्षा से जुड़े नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

पायलट के दूसरे डोप टेस्ट को लेकर भी दावा

सूत्रों के मुताबिक, फुकेत-दिल्ली उड़ान के मुख्य पायलट का दूसरा डोप टेस्ट भी पॉजिटिव आया है। दिल्ली पहुंचने के बाद की गई स्क्रीनिंग में पायलट के नशीले पदार्थों के सेवन को लेकर टेस्ट पॉजिटिव बताया गया था। इसके बाद दोबारा किए गए परीक्षण में भी कथित तौर पर पॉजिटिव नतीजा सामने आया।

सूत्रों के अनुसार, जांच में मारिजुआना के सेवन की पुष्टि होने का दावा किया गया है। हालांकि, इस मामले में अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User