यूपी में 912 पुलिसकर्मियों को नियुक्ति पत्र, सीएम योगी बोले- ‘अपराध किया तो समझो डेथ सेंटेंस पर खुद साइन किया’

Sunday, September 20, 2026 - 12:54
0
यूपी में 912 पुलिसकर्मियों को नियुक्ति पत्र, सीएम योगी बोले- ‘अपराध किया तो समझो डेथ सेंटेंस पर खुद साइन किया’

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के लोकभवन में रविवार को आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस विभाग में चयनित 912 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। कार्यक्रम में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना समेत कई मंत्री और अधिकारी मौजूद रहे।

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की चयन प्रक्रिया के तहत चयनित अभ्यर्थियों में पुलिस उपनिरीक्षक (गोपनीय), सहायक उपनिरीक्षक (लिपिक) और सहायक उपनिरीक्षक (लेखा) के पद शामिल हैं। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद सभी चयनित अभ्यर्थी पुलिस विभाग में अपनी सेवाएं देंगे।

इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में भर्ती प्रक्रिया को लेकर युवाओं में निराशा थी और भाई-भतीजावाद हावी था। उन्होंने दावा किया कि पहले ऐसे लोगों का भी चयन हो जाता था, जो भर्ती प्रक्रिया में शामिल तक नहीं हुए थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने भर्ती प्रक्रिया में बदलाव किए और ग्रुप सी व डी की नौकरियों में साक्षात्कार की व्यवस्था खत्म कर दी, क्योंकि पहले इसमें अनियमितताओं की शिकायतें आती थीं।

सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में पदों की संख्या पहले जैसी ही है, लेकिन काम करने का तरीका बदला है। उन्होंने कहा कि इसके लिए बाहर से अधिकारियों या मानवबल को लाकर व्यवस्था नहीं बदली गई, बल्कि मौजूदा व्यवस्था के काम करने के तरीके में बदलाव किया गया है।

कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश में आए दिन दंगे होते थे और लंबे समय तक कर्फ्यू रहता था। उन्होंने मुजफ्फरनगर में लंबे समय तक चले दंगों और कोसीकलां से शुरू होने वाले दंगों का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले पुलिस की जमीन पर भी माफिया का कब्जा था, जबकि अब अपराधियों के मन में कानून का डर है। उन्होंने कहा, “आज अपराधी को पता है कि अपराध किया तो समझो डेथ सेंटेंस पर खुद साइन कर लिया।”

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User