वृंदावन की काशीराम कॉलोनी में फ्लैट खाली कराने के नोटिस का विरोध, गरीब एकता दल ने वैकल्पिक आवास की मांग उठाई

Friday, September 18, 2026 - 19:39
0
वृंदावन की काशीराम कॉलोनी में फ्लैट खाली कराने के नोटिस का विरोध, गरीब एकता दल ने वैकल्पिक आवास की मांग उठाई

वृंदावन। काशीराम कॉलोनी के फ्लैट खाली कराने के लिए प्रशासन की ओर से 15 दिन का नोटिस दिए जाने के बाद निवासियों में चिंता का माहौल है। मामले को लेकर गरीब एकता दल के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को कॉलोनी का दौरा किया और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। दल ने आश्वासन दिया कि वह प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा रहेगा।

बताया गया कि काशीराम कॉलोनी में करीब 734 फ्लैट हैं, जिनमें लगभग 500 परिवारों के करीब 2,500 लोग रह रहे हैं। प्रशासन की ओर से फ्लैट खाली कराने के नोटिस के बाद लोगों के सामने आवास को लेकर संकट खड़ा हो गया है।

गरीब एकता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक महाजन एडवोकेट ने कहा कि यदि इमारतें जर्जर हो चुकी हैं तो सुरक्षा की दृष्टि से उन्हें हटाना जरूरी है, लेकिन यह भी जांच होनी चाहिए कि करीब 15 साल पुरानी इमारतें इतनी जल्दी जर्जर कैसे हुईं। उन्होंने निर्माण कार्य में शामिल तत्कालीन अधिकारियों और ठेकेदारों की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि इस मामले में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर प्रभावित परिवारों के लिए न्याय की मांग की जाएगी।

दल के राष्ट्रीय संरक्षक बाबा मदन बिहारी दास ने कहा कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था के गरीब परिवारों को फ्लैट खाली करने का नोटिस देना उचित नहीं है। उन्होंने सरकार से सुरक्षित पक्का आवास उपलब्ध कराने या प्रत्येक परिवार को 30-30 गज जमीन देने की मांग की। राष्ट्रीय महासचिव गोपाल शर्मा ने भी विस्थापन से पहले पुख्ता व्यवस्था किए जाने की मांग करते हुए कहा कि परिवारों को अचानक बेघर नहीं किया जाना चाहिए।

महिला प्रदेश अध्यक्ष रिचा शर्मा ने कहा कि अचानक नोटिस मिलने से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के सामने परेशानी खड़ी हो गई है। उन्होंने कहा कि गरीब एकता दल प्रभावित परिवारों के अधिकारों के लिए आवाज उठाएगा।

गरीब एकता दल ने मांग की है कि फ्लैट खाली कराने से पहले सभी प्रभावित परिवारों को सुरक्षित वैकल्पिक आवास या 30-30 गज जमीन उपलब्ध कराई जाए। साथ ही, जब तक विस्थापन की व्यवस्था नहीं होती, तब तक किसी भी परिवार को जबरन बेघर न किया जाए। दल ने जर्जर भवनों के लिए जिम्मेदार तत्कालीन अधिकारियों और ठेकेदारों की जांच कर कार्रवाई की मांग भी की है।

दल की ओर से बताया गया कि इस मामले को लेकर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को औपचारिक पत्र भेजा जाएगा। दौरे के दौरान वृंदावन नगर अध्यक्ष गोविंद शर्मा, मीडिया प्रभारी मनीष शर्मा, कल्याण कुमार शास्त्री, अजय चौधरी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User