101 करोड़ के सरकारी जमीन घोटाले में बड़ा एक्शन: सहायक नगर आयुक्त गिरफ्तार, भेजे गए जेल
उत्तर प्रदेश के संभल में 101 करोड़ रुपये मूल्य की सरकारी जमीन घोटाले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शाहजहांपुर नगर निगम में तैनात सहायक नगर आयुक्त और संभल नगर पालिका के तत्कालीन अधिशासी अधिकारी राजकुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, मुरादाबाद-संभल हाईवे किनारे स्थित करीब 38 बीघा सरकारी जमीन को फर्जी दस्तावेजों और अधिकारियों की कथित मिलीभगत से निजी लोगों के नाम कराने की साजिश रची गई थी। इस जमीन की कीमत करीब 101 करोड़ रुपये आंकी गई है।
एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि राजकुमार गुप्ता को शाहजहांपुर स्थित उनके कार्यालय से पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था। पूछताछ के दौरान संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्हें संभल कोतवाली में दर्ज मुकदमा संख्या 162/2026 में नामजद करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच में यह भी सामने आया है कि वर्ष 2013 में अधिशासी अधिकारी रहते हुए राजकुमार गुप्ता ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में दाखिल एक शपथ पत्र के जरिए सरकारी जमीन को निजी पक्ष के हित में कराने का प्रयास किया था। पुलिस का आरोप है कि इस पूरे मामले से सरकार को 101 करोड़ रुपये से अधिक की संभावित क्षति पहुंची।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और घोटाले में शामिल अन्य अधिकारियों व लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)