हिमाचल में फिर बादल फटा, किन्नौर में हाईवे पर मलबे का अंबार; NH-5 बहाल, टला बड़ा हादसा
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में शुक्रवार तड़के बादल फटने से एक बार फिर भारी तबाही का मंजर देखने को मिला। चोलिंग क्षेत्र में अचानक आए मलबे ने शिमला-किन्नौर राष्ट्रीय राजमार्ग-5 (NH-5) को बंद कर दिया। घटना के दौरान दो वाहन मलबे में दब गए, लेकिन राहत की बात रही कि दोनों में सवार लोग सुरक्षित बच निकले। हालांकि वाहनों में रखा कुछ सामान तेज बहाव में बह गया।
सूचना मिलते ही प्रशासन, एनएचएआई और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं। पोकलेन मशीनों की मदद से मलबा हटाने का अभियान चलाया गया और कुछ घंटों की मशक्कत के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग को यातायात के लिए बहाल कर दिया गया। इसके साथ ही शिमला और किन्नौर के बीच वाहनों की आवाजाही फिर से शुरू हो गई।
प्रशासन ने मौसम की स्थिति को देखते हुए लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार, प्रभावित क्षेत्र की लगातार निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी नई आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
इधर, किन्नौर की रिब्बा खड्ड में भी वीरवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात करीब तीन बजे अचानक बाढ़ आ गई। जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण मलबा और पानी सड़कों व रास्तों पर फैल गया। तेज बहाव की आवाज सुनकर ग्रामीण घबराकर घरों से बाहर निकल आए। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों को नदी-नालों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)