मिठाई व्यापारी ने एसपी से लगाई गुहार, ₹50 हजार महीना चौथ मांगने और जान से मारने की धमकी का आरोप
हाथरस। शहर के प्रतिष्ठित मिठाई व्यापारी एवं "हन्नो लाला रबड़ी वाले" के संचालक कृष्णा वार्ष्णेय ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती प्रार्थना-पत्र देकर तीन लोगों पर व्यवसायिक रंजिश के चलते अवैध धन उगाही मांगने, जान से मारने की धमकी देने, मानसिक प्रताड़ना करने तथा गोदाम पर कब्जा करने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। व्यापारी ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।शहर के मालिन गली निवासी कृष्णा वार्ष्णेय ने पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना-पत्र में बताया है कि उनकी शहर में "हन्नो लाला रबड़ी वाले" नाम से मिठाई की दुकान संचालित है, जबकि उनका गोदाम डिब्बा गली, नयागंज में स्थित है। उनका आरोप है कि पिछले लगभग एक वर्ष से अतुल जैन, मनोज जैन तथा प्रमोद चक्रपाणी व्यवसायिक रंजिश के कारण उन्हें लगातार परेशान कर रहे हैं।
शिकायत में कहा गया है कि आरोपित उनके व्यापार को बंद कराने और गोदाम पर अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। साथ ही उनसे प्रति माह ₹50 हजार की चौथ देने की मांग की जा रही है। आरोप है कि रकम नहीं देने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी जाती है और लगातार मानसिक दबाव बनाकर प्रताड़ित किया जा रहा है।
व्यापारी का यह भी आरोप है कि एक आरोपी स्वयं को अधिवक्ता बताते हुए ऊंची पहुंच होने का दावा करता है और कार्रवाई न होने की बात कहकर भय का माहौल बनाता है।प्रार्थना-पत्र के अनुसार, 29 जून 2026 की शाम करीब सात बजे तीनों आरोपित गोदाम पर पहुंचे और कथित रूप से दुकान बंद करने अथवा प्रति माह ₹50 हजार देने की बात कही। विरोध करने पर गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। घटना के बाद से व्यापारी और उनका परिवार भय और मानसिक तनाव में है।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने, कठोर वैधानिक कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा के लिए पुलिस संरक्षण उपलब्ध कराने की मांग की है।वही मामले में पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है। प्रकरण की जांच कर नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)