पश्चिम बंगाल के हल्दिया पेट्रोकेमिकल संयंत्र में भीषण आग, 10 से अधिक लोग झुलसे; राहत-बचाव जारी
पश्चिम बंगाल के हल्दिया स्थित चिरंजीपुर क्षेत्र के पेट्रोकेमिकल संयंत्र में मंगलवार तड़के भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार हादसे में 10 से अधिक लोग झुलस गए हैं, जिनमें दो महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक आग सुबह करीब 4 बजे नेफ्था गैस पाइपलाइन में कथित रिसाव के बाद लगी। पहले इलाके में काला धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की नौ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन डेढ़ घंटे बाद भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका।
हादसे में आसपास के कई घर और दुकानें भी आग की चपेट में आकर जल गए। आग के कारण हल्दिया-पानस्कुरा रेल मार्ग पर रेल सेवाएं भी प्रभावित हुईं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि आग पर पूरी तरह काबू पाने और स्थिति सामान्य होने के बाद नुकसान का विस्तृत आकलन किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)