"तुम्हारे पिताजी का स्कूल नहीं है..." SDM शिवानी पांडे ने प्राचार्य को सरेआम लगाई फटकार
गुना:(आरएनआई) मध्य प्रदेश के गुना जिले के बमोरी क्षेत्र अंतर्गत फतेहगढ़ में उस समय प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया, जब सांदीपनि विद्यालय के निरीक्षण पर पहुंचीं एसडीएम शिवानी पांडे अचानक स्कूल के प्राचार्य पर बुरी तरह बिफर पड़ीं। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो ने इस पूरे प्रशासनिक तेवर को जगजाहिर कर दिया है, जिसमें एसडीएम साहिबा प्राचार्य को सरेआम डांटती नजर आ रही हैं।
सांदीपनि स्कूल के प्रिंसिपल से बोलीं महिला SDM शिवानी पांडे
वीडियो में एसडीएम शिवानी पांडे स्कूल के प्राचार्य भगवत प्रसाद को बेहद सख्त लहजे में फटकार लगाते हुए कह रही हैं, 'स्कूल की सबसे बड़ी समस्या तुम खुद हो, तुम्हारा ट्रांसफर यहां से करवा दिया जाए तो सारी मुसीबतें अपने आप खत्म हो जाएंगी।'
अतिक्रमण की शिकायत पर बढ़ा तनाव
दरअसल, फतेहगढ़ के सांदीपनि विद्यालय परिसर में लंबे समय से जलभराव और बाउंड्री वॉल के आसपास अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही थीं। जब प्राचार्य ने परिसर की बदहाली का रोना रोते हुए कहा कि बाहरी लोगों के अतिक्रमण के कारण पानी जमा हो रहा है, तो एसडीएम का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया। वीडियो में उन्होंने तल्ख अंदाज में यहां तक कह दिया, 'जिस तरह की तुम्हारी हरकतें हैं, मुझे तो लगता है कि यह स्कूल तुम्हारे पिताजी का है!'
कलेक्टर को गलत जानकारी देने का आरोप
इस पूरे हाई-प्रोफाइल ड्रामे के बाद क्षेत्र के शिक्षक संगठनों में भारी आक्रोश है और मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग उठने लगी है। वहीं दूसरी ओर, प्रशासनिक पक्ष रखते हुए जिम्मेदार अधिकारी ने प्राचार्य के दावों को पूरी तरह खारिज किया है।
प्राचार्य द्वारा कलेक्टर सर को गलत जानकारी दी गई थी। वे अगरिया समुदाय पर अतिक्रमण का आरोप लगा रहे थे, लेकिन अभी तक स्कूल की जमीन का सीमांकन ही नहीं हुआ है। ऐसे में केवल एक समुदाय को दोषी ठहराना ठीक नहीं है। प्राचार्य ने बाउंड्री को भी गलत तरीके से बढ़ाया था। मेरे लिए हर संस्था और समुदाय महत्व रखता है।
शिवानी पांडे, एसडीएम, बमोरी, गुना
क्या है पूरा मामला
सांदीपनि स्कूल परिसर में जलभराव और बाउंड्री वॉल के पास अतिक्रमण की शिकायत थी।
जमीनी हकीकत परखने प्रशासनिक टीम के साथ अचानक स्कूल पहुंची थीं एसडीएम।
प्राचार्य द्वारा सीमांकन के बिना एक विशेष समुदाय पर अतिक्रमण का आरोप लगा।
जांच के दौरान SDM ने स्कूल के प्रिंसिपल को सरेआम हडकाया।
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय शिक्षक संगठनों ने SDM के आचरण को लेकर आपत्ति जताई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)