कछौना में धूमधाम से मनाया गया महाराजा सुहेलदेव पासी का विजय दिवस, समाज के लोगों ने किया नमन

Thursday, June 11, 2026 - 19:21
0
कछौना में धूमधाम से मनाया गया महाराजा सुहेलदेव पासी का विजय दिवस, समाज के लोगों ने किया नमन

कछौना, हरदोई (आरएनआई) विकास खण्ड कछौना के अंतर्गत ग्राम शिवपुरी पोस्ट बरवा सरसण्ड, कछौना में चक्रवर्ती सम्राट महाराजा सुहेलदेव पासी का विजय दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर पासी समाज के लोगों ने एकत्रित होकर महाराजा सुहेलदेव के चित्र पर माल्यार्पण किया और उनके शौर्य, पराक्रम तथा राष्ट्र रक्षा में दिए गए योगदान को याद किया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने महाराजा सुहेलदेव के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे राष्ट्रभक्ति और साहस के प्रतीक थे, वक्ताओं ने यह भी बताया कि 11वीं शताब्दी में जब क्रूर विदेशी आक्रांता महमूद गजनवी का भांजा सैय्यद सालार मसूद गाजी भारत की सनातन संस्कृति और देवस्थानों को नष्ट करते हुए दिल्ली से बहराइच तक आ पहुंचा था, तब महाराजा सुहेलदेव ने देश की अस्मिता की रक्षा का बीड़ा उठाया। उन्होंने आसपास के 21 पासी राजाओं का एक विशाल और शक्तिशाली संगठन तैयार किया। 10 जून सन् 1034 ईस्वी को बहराइच की ऐतिहासिक चितौरा झील के किनारे दोनों सेनाओं के बीच भीषण और निर्णायक युद्ध हुआ था। महाराजा सुहेलदेव पासी की संगठित सेना के अचूक तीरों और अद्भुत युद्ध कौशल के सामने विदेशी आक्रांताओं की डेढ़ लाख की फौज टिक नहीं सकी। सुहेलदेव पासी ने स्वयं अपने हाथों से अत्याचारी सालार मसूद गाजी का वध कर देश को गुलामी से बचाया था। इस ऐतिहासिक विजय का प्रभाव इतना व्यापक था कि इस युद्ध के बाद अगले 150 वर्षों तक किसी भी विदेशी आक्रांता ने भारत की ओर आंख उठाकर देखने की हिम्मत नहीं की। वक्ताओं ने कहा कि महाराजा सुहेलदेव पासी का साम्राज्य पूर्व में गोरखपुर से लेकर पश्चिम में सीतापुर, लखनऊ, बाराबंकी और हरदोई के क्षेत्रों तक फैला हुआ था। वे केवल एक कुशल शासक ही नहीं, बल्कि अखंड भारत और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के सबसे बड़े प्रतीक थे।जिनका इतिहास हर पीढ़ी को प्रेरित करता रहेगा। इस गौरवमयी उत्सव के दौरान मुख्य रूप से कुलदीप वर्मा, अशर्फी लाल वर्मा, राम लखन और सुरेश कुमार मौजूद रहे। इनके साथ ही गांव तथा आसपास के क्षेत्रों से आए पासी समाज के दर्जनों गणमान्य लोगों ने कार्यक्रम में हिस्सा लेकर महाराजा सुहेलदेव पासी के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User