हाईस्कूल टॉपर आयुषी विश्वकर्मा बनीं एक दिन की डीआईओएस

Saturday, September 27, 2025 - 20:36
Updated: 1 year ago
0
हाईस्कूल टॉपर आयुषी विश्वकर्मा बनीं एक दिन की डीआईओएस

फतेहपुर (आरएनआई) उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल परीक्षा 2025 में जिले में दूसरा स्थान प्राप्त करने वाली मेधावी छात्रा आयुषी विश्वकर्मा को एक दिन के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) बनाया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार की अनूठी पहल के तहत, हुसैनगंज क्षेत्र के प्रबन्ध सुखनंदन सुखरानी इंटर कॉलेज, मुस्तफापुर की छात्रा आयुषी ने पूरी जिम्मेदारी और आत्मविश्वास के साथ पदभार ग्रहण किया। इस विशेष अवसर पर, डीआईओएस राकेश कुमार ने स्वयं आयुषी को अपनी कुर्सी पर बैठाया और उन्हें पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करना और उन्हें प्रशासनिक कार्यों की समझ प्रदान करना है, ताकि वे भविष्य में देश के जिम्मेदार नागरिक बन सकें। एक दिन की डीआईओएस के रूप में आयुषी विश्वकर्मा ने सुबह दस बजे कार्यालय पहुँचकर विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया। उन्होंने पटल सहायकों से फाइलों के निस्तारण और कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों और कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं को भी सुना और उनके त्वरित समाधान के लिए अपने सुझाव दिए। आयुषी ने जिले के कुछ विद्यालयों में फोन के माध्यम से शैक्षणिक गतिविधियों और व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। अपने अनुभव को साझा करते हुए आयुषी ने कहा, यह मेरे लिए एक अविस्मरणीय दिन है। आज मुझे शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली को बहुत करीब से देखने और समझने का अवसर मिला। मैं जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार सर का धन्यवाद करती हूँ कि उन्होंने मुझे यह अवसर प्रदान किया। उन्होंने भविष्य में एक प्रशासनिक अधिकारी बनकर शिक्षा के क्षेत्र में सुधार लाने की इच्छा व्यक्त की। इस कार्यक्रम में अन्य छात्र-छात्राओं को भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया है। इस मौके पर विद्यालय संचालक राजेन्द्र प्रसाद मौजूद रहे।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User