बिहार MLC चुनाव: राजद, भाजपा, जन सुराज और निर्दलीय ने जीती एक-एक सीट, कोसी में एनके यादव की हैट्रिक पर नजर
पटना। बिहार विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की आठ सीटों पर हुए चुनाव की मतगणना में कई उलटफेर देखने को मिले हैं। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की चार सीटों के नतीजे घोषित हो चुके हैं। इनमें भाजपा, राष्ट्रीय जनता दल (राजद), जन सुराज पार्टी और निर्दलीय प्रत्याशी ने एक-एक सीट पर जीत दर्ज की है। वहीं, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की चार सीटों पर मतगणना जारी रहने के बीच कोसी सीट पर भाजपा के डॉ. एनके यादव की बढ़त पर सबकी नजर बनी हुई है।
तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के नरेंद्र प्रसाद सिंह ने जीत दर्ज की। उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी भुषण कुमार झा को करीब 600 मतों से हराया। इस सीट पर निवर्तमान माकपा एमएलसी संजय कुमार सिंह तीसरे स्थान पर रहे। भाजपा के लिए यह जीत महत्वपूर्ण रही, क्योंकि पार्टी ने लंबे समय बाद इस सीट पर वापसी की है।
पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में राजद के डॉ. संजीव कुमार सिंह ने भाजपा के वरिष्ठ नेता नवल किशोर यादव को हराकर जीत हासिल की। वहीं, दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में जन सुराज पार्टी के सुरेश प्रसाद राय ने कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और निवर्तमान एमएलसी मदन मोहन झा को पराजित किया। इस जीत के साथ जन सुराज ने बिहार विधान परिषद में अपना खाता खोला।
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के बागी प्रत्याशी राहुल राज ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीत दर्ज की। दूसरी वरीयता के मतों की गिनती के बाद उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 833 मतों से हराया। इस तरह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की चार सीटों पर चार अलग-अलग राजनीतिक खेमों के उम्मीदवार विजयी रहे।
उधर, कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के डॉ. एनके यादव प्रथम वरीयता के मतों की गिनती के बाद सबसे आगे रहे। उन्हें 24,258 वोट मिले, जबकि राजद के नीतेश यादव को 18,918 और जन सुराज के रजनीश रंजन को 15,536 वोट प्राप्त हुए। हालांकि, जीत के लिए निर्धारित 32,201 मतों का कोटा पूरा नहीं होने के कारण दूसरी वरीयता के मतों की गिनती जरूरी हो गई। डॉ. यादव पहले भी इस सीट से दो बार जीत चुके हैं और अब लगातार तीसरी जीत की कोशिश में हैं।
बिहार विधान परिषद की इन आठ सीटों के लिए 27 अक्टूबर को मतगणना शुरू हुई थी। चुनाव में शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों से कुल 150 उम्मीदवार मैदान में थे। शिक्षक सीटों के नतीजे सामने आने के बाद अब स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना पर ध्यान केंद्रित है। शेष सीटों की अंतिम तस्वीर आधिकारिक परिणाम घोषित होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)