स्कूलों की छुट्टियों पर फिर नया आदेश, ठंड और कोहरे के बीच बच्चों को राहत

Tuesday, January 13, 2026 - 17:11
0
स्कूलों की छुट्टियों पर फिर नया आदेश, ठंड और कोहरे के बीच बच्चों को राहत

मेरठ (आरएनआई)। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। कड़ाके की ठंड, शीतलहर और घने कोहरे के चलते जनजीवन प्रभावित हो रहा है। तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है और कई जिलों में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। इसी को देखते हुए मेरठ प्रशासन ने स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बड़ा फैसला लिया है।

जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि मेरठ जिले में प्री-नर्सरी से कक्षा 9 तक के सभी स्कूल 13 और 14 जनवरी को बंद रहेंगे। यह आदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद, संस्कृत शिक्षा बोर्ड, मदरसा बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई से संबद्ध सभी विद्यालयों पर लागू होगा। वहीं कक्षा 10 से 12 तक के छात्र सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक स्कूल जाएंगे और उनकी परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही संचालित होंगी।

बीते कुछ दिनों से मौसम तेजी से ठंडा होता जा रहा है। देर रात और सुबह के समय घना कोहरा छा रहा है, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई है। सड़कों पर वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और कई जगहों पर यातायात प्रभावित हुआ है। ट्रेन और बस सेवाओं पर भी इसका असर देखने को मिल रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार बरेली में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री और मुजफ्फरनगर में 3.9 डिग्री दर्ज किया गया है, जो शीतलहर की स्थिति को दर्शाता है। मेरठ में भी रात का तापमान गिरकर करीब 4.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। सर्द हवाओं ने ठिठुरन और बढ़ा दी है, जिससे खासकर मजदूर वर्ग, रिक्शा चालक और खुले में काम करने वाले लोग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। सुबह-शाम की ठंड इतनी तेज है कि लोग अलाव का सहारा लेने को मजबूर हैं।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद हवाओं की दिशा उत्तर-पश्चिमी हो गई है, जिसके चलते प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन और रात के तापमान में 1 से 3 डिग्री तक की गिरावट आई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 48 घंटों तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शीतलहर और पाले जैसी स्थिति बनी रह सकती है। आगरा, अलीगढ़, मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद और रूहेलखंड मंडल के कई जिलों में रात के समय ठंड और बढ़ने की संभावना है।

हालांकि राहत की बात यह है कि दिन चढ़ने के साथ कोहरा छंटेगा और धूप निकलने से लोगों को कुछ हद तक ठंड से राहत मिलेगी। प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों का विशेष ध्यान रखें और ठंड से बचाव के सभी उपाय अपनाएं।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User