सौरभ शर्मा को गिरफ्तारी के 24 घंटे के भीतर कोर्ट में पेश करेगी लोकायुक्त पुलिस, डीजी लोकायुक्त ने कहा ‘जाँच एजेंसी से जान का खतरा नहीं होता’

Jan 28, 2025 - 22:06
Jan 28, 2025 - 22:09
 0  1.3k
सौरभ शर्मा को गिरफ्तारी के 24 घंटे के भीतर कोर्ट में पेश करेगी लोकायुक्त पुलिस, डीजी लोकायुक्त ने कहा ‘जाँच एजेंसी से जान का खतरा नहीं होता’

भोपाल (आरएनआई) भोपाल में आज सौरभ शर्मा को हिरासत में लेने के बाद डीजी लोकायुक्त जयदीप प्रसाद ने कहा है कि उससे पूछताछ जारी है। पूछताछ के बाद गिरफ्तारी की जाएगी और उसके चौबीस घंटे के भीतर उसे अदालत में पेश किया जाएगा। वहीं, सौरभ शर्मा के वकील द्वारा उसकी जान को खतरा होने का अंदेशा जताने की बात पर डीजी लोकायुक्त ने कहा कि एजेंसी से जान का खतरा नहीं हो सकता है, एजेंसी तो कानून की रक्षक होती है।

बता दें कि पिछले कई दिनों से फरार चल रहे मोस्ट वांटेड अपराधी सौरभ शर्मा को आज लोकायुक्त पुलिस ने भोपाल जिला कोर्ट के बाहर से हिरासत में लिया था। आरटीओ के पूर्व कर्मचारी सौरभ शर्मा के ठिकानों पर तीन प्रमुख जांच एजेंसियों ईडी, लोकायुक्त और आयकर विभाग ने छापे मारे थे। इन छापों के दौरान एक कार से 52 किलो सोना और 11 करोड़ रुपये नकद बरामद हुए थे। इसके अलावा, सौरभ के विभिन्न ठिकानों से 93 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति भी जब्त की गई थी।

सौरभ शर्मा को हिरासत में लेने के बाद डीजी लोकायुक्त जयदीप प्रसाद ने कहा कि अभी उससे पूछताछ की जा रही है और इसके बाद उसकी गिरफ्तारी होगी। गिरफ्तार करने के बाद 24 घंटे के अंदर उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। जब उनसे अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि उनकी भी जल्द ही गिरफ्तारी होगी। वहीं, सौरभ शर्मा की जान को खतरे की बात पर उन्होंने कहा कि जाँच एजेंसियां कानून की रक्षक होती हैं, उनसे किसी को जान का खतरा नहीं होता है। जयदीप प्रसाद ने कहा कि अभी शुरुआती पूछताछ हो रही है और फिलहाल कुछ और कह पाना जल्दी होगी लेकिन इस पूछताछ में कई अहम खुलासे होने की संभावना है। वहीं उन्होंने ये भी कहा कि इस पूछताछ की कोई वीडियोग्राफी नहीं कराई जाएगी।

आज सुबह जब सौरभ शर्मा अदालत पहुंचे तो उससे पहले वहां की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी और पुलिस बल की तैनाती की गई थी। सोमवार को जब यह खबर आई कि वो सरेंडर करने वाले हैं, तबसे ही अदालत में हलचल का माहौल था। सौरभ शर्मा ने अपने वकील राकेश पाराशर के साथ अदालत में सरेंडर के लिए आवेदन दिया था और इसके बाद कोर्ट ने केस की डायरी मंगवाई थी। वहीं, आज लोकायुक्त पुलिस द्वारा सौरभ शर्मा को हिरासत में लेने के बाद उनके वकील राकेश पाराशर ने इसे अवैध बताते हुए कहा कि उनके मुवक्किल को जान का खतरा है। वकील का कहना था कि सौरभ शर्मा सरेंडर करने के लिए अदालत पहुंचे थे, लेकिन इसी दौरान उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। अब इस मामले में डीजी लोकायुक्त ने कहा है जल्द ही सौरभ शर्मा को अदालत में पेश किया जाएगा।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0