सतहरिया औद्योगिक क्षेत्र की बदहाली पर कांग्रेस का प्रदर्शन, बंद हो रही फैक्ट्रियों को लेकर राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञाप
जौनपुर (आरएनआई)। यूपी के जौनपुर स्थित सतहरिया औद्योगिक क्षेत्र में लगातार बंद होती औद्योगिक इकाइयों, अव्यवस्थाओं और मूलभूत सुविधाओं के अभाव के विरोध में बुधवार को कांग्रेस पार्टी ने सीडा कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के बाद राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपकर औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं के समाधान की मांग की।
धरने को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने प्रदेश सरकार पर सतहरिया औद्योगिक क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पहल पर स्थापित इस औद्योगिक क्षेत्र को विकसित करने के बजाय सरकार के सौतेले रवैये के कारण यहां की फैक्ट्रियां लगातार बंद हो रही हैं और उद्योग दूसरे राज्यों की ओर पलायन कर रहे हैं। इसका सीधा असर स्थानीय युवाओं के रोजगार पर पड़ रहा है।
मड़ियाहूं विधानसभा के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. परमेंद्र सिंह ने कहा कि सीडा की स्थापना का उद्देश्य जौनपुर और आसपास के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना था, लेकिन वर्तमान हालात में रोजगार के अवसर समाप्त होते जा रहे हैं और युवा पलायन को मजबूर हैं।

जिला उपाध्यक्ष लाल प्रकाश पाल ने कहा कि जिन किसानों की भूमि औद्योगिक क्षेत्र के विकास के लिए अधिग्रहित की गई थी, उन्हें आज तक अपेक्षित सुविधाएं और लाभ नहीं मिल सके हैं।
महिला कांग्रेस कमेटी की जिलाध्यक्ष रेखा सिंह ने सीडा परिसर में फैली गंदगी, जलभराव और बदहाल व्यवस्थाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे उद्योग संचालकों, श्रमिकों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
नगर अध्यक्ष निशु केसरी ने चेतावनी दी कि यदि औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया और उद्योगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं, तो कांग्रेस पार्टी व्यापक जन आंदोलन शुरू करेगी।
प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए सतहरिया औद्योगिक क्षेत्र को पुनर्जीवित करने, बंद पड़ी फैक्ट्रियों को चालू कराने, उद्योगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा स्थानीय युवाओं के रोजगार की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)