मोहम्मद मोकिम ने सोनिया गांधी से की थी राहुल-खरगे की शिकायत, अब उलटी पड़ी चाल; कांग्रेस ने पार्टी से निकाला
भुवनेश्वर (आरएनआई)। कांग्रेस पार्टी की केंद्रीय समिति (एआईसीसी) ने ओडिशा के पूर्व विधायक मोहम्मद मोकिम को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित करने का प्रस्ताव मंजूर कर लिया है। इस फैसले की पुष्टि ओडिशा प्रदेश कांग्रेस समिति (ओपीसीसी) की ओर से जारी आधिकारिक नोटिस में की गई है। नोटिस के अनुसार, मोकिम पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप लगाए गए हैं।
यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब हाल ही में मोहम्मद मोकिम ने कांग्रेस पार्लियामेंट्री पार्टी की अध्यक्ष सोनिया गांधी को एक पत्र लिखकर पार्टी की आंतरिक स्थिति और शीर्ष नेतृत्व को लेकर तीखे सवाल उठाए थे। अपने पत्र में उन्होंने कांग्रेस की मौजूदा चुनौतियों, संगठनात्मक कमजोरी और नेतृत्व के तौर-तरीकों पर खुलकर चिंता जताई थी।
मोकिम ने पत्र में राहुल गांधी की कथित अनुपलब्धता का जिक्र करते हुए कहा था कि वह पिछले करीब तीन वर्षों से उनसे मुलाकात नहीं कर सके हैं। उन्होंने इसे केवल अपनी व्यक्तिगत समस्या नहीं, बल्कि देशभर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेतृत्व के बीच बढ़ती भावनात्मक दूरी का संकेत बताया था। इसके साथ ही उन्होंने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की नेतृत्व शैली पर भी सवाल उठाए थे।
खरगे की उम्र को लेकर भी मोकिम ने टिप्पणी की थी। उन्होंने लिखा था कि देश की लगभग 65 प्रतिशत आबादी युवा है, लेकिन 83 वर्ष की उम्र में पार्टी का मौजूदा नेतृत्व युवाओं से प्रभावी ढंग से जुड़ नहीं पा रहा है। उनके अनुसार, इसी कारण कांग्रेस का युवा वर्ग पार्टी से दूरी महसूस कर रहा है।
हालांकि, अपने पत्र में मोकिम ने राहुल और खरगे की आलोचना के साथ-साथ प्रियंका गांधी को बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने की भी वकालत की थी। उन्होंने कहा था कि देश का युवा वर्ग प्रियंका गांधी के नेतृत्व की प्रतीक्षा कर रहा है और उन्हें पार्टी में एक केंद्रीय व सक्रिय भूमिका मिलनी चाहिए। साथ ही उन्होंने यह सुझाव भी दिया था कि भविष्य में कांग्रेस का नेतृत्व सचिन पायलट, डीके शिवकुमार और शशि थरूर जैसे ऊर्जावान नेताओं को सौंपा जाना चाहिए।
पार्टी के भीतर इस पत्र को अनुशासनहीनता और सार्वजनिक तौर पर नेतृत्व को चुनौती देने के रूप में देखा गया, जिसके बाद कांग्रेस नेतृत्व ने मोकिम के खिलाफ कड़ा कदम उठाते हुए उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



