राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख स्तंभ डॉ. रामविलास वेदांती का निधन, सीएम योगी आदित्यनाथ ने जताया गहरा शोक
अयोध्या (आरएनआई)। श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के प्रमुख सूत्रधार, अयोध्या से पूर्व सांसद और रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के सदस्य डॉ. रामविलास दास वेदांती का निधन हो गया। उन्होंने मध्य प्रदेश के रीवा में उपचार के दौरान अंतिम सांस ली। उनके निधन से धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
डॉ. रामविलास वेदांती के निधन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के प्रमुख स्तंभ, पूर्व सांसद एवं श्री अयोध्या धाम स्थित वशिष्ठ आश्रम के पूज्य संत डॉ. रामविलास वेदांती जी महाराज का गोलोकगमन आध्यात्मिक जगत और सनातन संस्कृति के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने इसे एक युग का अवसान बताते हुए कहा कि धर्म, समाज और राष्ट्र की सेवा को समर्पित उनका त्यागमय जीवन सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। मुख्यमंत्री ने प्रभु श्रीराम से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोक संतप्त शिष्यों व अनुयायियों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना भी की।
डॉ. रामविलास वेदांती को राम जन्मभूमि आंदोलन के बड़े चेहरों में गिना जाता था। अयोध्या से सांसद रहते हुए उन्होंने संसद से लेकर सड़क तक राम मंदिर निर्माण की मांग को मजबूती से उठाया। आंदोलन के दौरान उनका योगदान निर्णायक माना जाता है और वे लंबे समय तक इस विषय पर मुखर आवाज बने रहे।
हाल के दिनों में भी वेदांती लगातार सक्रिय थे। उन्होंने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार से मांग की थी कि अयोध्या की उन सड़कों और गलियों के नाम बदले जाएं, जो मुस्लिम नामों पर रखी गई हैं। उनका कहना था कि राम की नगरी में गलियों और सड़कों के नाम भगवान श्रीराम, उनके पूर्वजों और सूर्यवंशी राजाओं से जुड़े होने चाहिए।
एक साक्षात्कार में उन्होंने कहा था कि भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बन चुका है और मंदिर पर भगवा ध्वज भी लहरा रहा है। उन्होंने यह भी कहा था कि जिन भावनाओं को लोगों ने वर्षों तक संजोकर रखा, वे अब साकार हो चुकी हैं। वेदांती का मानना था कि अयोध्या में राजा दिलीप, राजा रघु और राजा दशरथ जैसे रामवंशी राजाओं के नाम पर ही गलियों के नाम होने चाहिए और किसी भी राम-विरोधी नाम को यहां स्थान नहीं मिलना चाहिए।
डॉ. रामविलास वेदांती का निधन राम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़े संत समाज और उनके अनुयायियों के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



