बांके बिहारी दर्शन से लौट रहे दंपती को अज्ञात वाहन ने कुचला, बेटे की मौत; माता-पिता गंभीर घायल
गाजियाबाद से बांके बिहारी के दर्शन कर लौट रहे दंपती की बाइक हादसे का शिकार हो गई। उनके 12 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। वहीं पति-पत्नी की हालत गंभीर है। दोनों को उपचार के लिए मथुरा रेफर किया गया है।
मथुरा (आरएनआई) मथुरा के नौहझील थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बिहारी जी के दर्शन कर लौट रहे बाइक सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए, वहीं बेटे की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी भिजवाया है। बेटे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पुलिस के अनुसार गाजियाबाद के गांव रहीशपुर पुराना शिव मंदिर निवासी मिन्टू अपनी पत्नी मीनाक्षी अपने 12 वर्षीय बेटे शिवम के साथ घर से बिहारी जी के दर्शन करने बाइक से वृंदावन आए थे। मंगलवार दोपहर को वे दर्शन कर यमुना एक्सप्रेस-वे से होकर वापस घर लौट रहे थे। अचानक माइल स्टोन 64 पर नोएडा की ओर से आ रहे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक सवार तीनों पति-पत्नी और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राहगीर द्वारा सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर कार्यवाहक थाना प्रभारी अंकित कुमार और उपनिरीक्षक हरेंद्र तोमर पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौहझील भिजवाया गया। यहां डाक्टर ने किशोर शिवम को मृत घोषित कर दिया। पति-पत्नी की हालत चिंताजनक होने के चलते मथुरा रेफर कर दिया है।
पुलिस ने किशोर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सीएचसी प्रभारी डॉ. हेमराज सिंह ने बताया कि तीनों के सिर में गंभीर चोट लगी है, जिसके चलते शिवम की मौत हुई है। दोनों घायल पति-पत्नी की हालत चिंताजनक होने के चलते मथुरा रेफर किया है। एसपी देहात सुरेश चंद रावत ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार पति-पत्नी घायल हो गए। उनके बेटे की मौत हुई है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



