नानाखेड़ी रोड पर यात्री बसों का विशेष चेकिंग अभियान, 7 बसों पर चालानी कार्यवाही, 21,000 रुपए जुर्माना अधिरोपित

सुरक्षा मानकों में लापरवाही पर 24 घंटे में सुधार के निर्देश, अन्यथा होगी कठोर वैधानिक कार्यवाही

Feb 13, 2026 - 22:53
Feb 13, 2026 - 22:55
 0  0
नानाखेड़ी रोड पर यात्री बसों का विशेष चेकिंग अभियान, 7 बसों पर चालानी कार्यवाही, 21,000 रुपए जुर्माना अधिरोपित

गुना (आरएनआई) गुना पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी के सशक्त एवं संवेदनशील नेतृत्व तथा डीएसपी ट्रैफिक मुकेश कुमार दीक्षित के सतत पर्यवेक्षण में आज ट्रैफिक थाना प्रभारी निरीक्षक अजयप्रताप सिंह द्वारा अपने ट्रैफिक बल के साथ नानाखेड़ी क्षेत्र में हाईवे वायपास के पास यात्री बसों की सघन एवं विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया । अभियान का मुख्य उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बसों में उपलब्ध आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण करना रहा, जिससे आम नागरिक सुरक्षित एवं निश्चिंत होकर यात्रा कर सकें । चेकिंग के दौरान बसों में यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं जैसे फायर सिलेंडर की उपलब्धता एवं कार्यशील स्थिति, इमरजेंसी विंडो की सुचारु व्यवस्था तथा मेडिकल बॉक्स की उपलब्धता आदि की बारीकी से जांच की गई । इस दौरान लगभग 8-10 बसों का निरीक्षण किया गया, जिसमें केवल बॉबी ट्रैवल्स की बस सभी सुरक्षा मानकों पर पूर्णत: सही पाई गई । वहीं भदावर ट्रैवल्स, सिकरवार ट्रैवल्स सहित अन्य बसों में उक्त बिंदुओं पर गंभीर कमियां पाई गईं, जो यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिकोण से अत्यंत चिंताजनक हैं ।

यात्रियों की जान-माल की सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं किए जाने के स्पष्ट संदेश के साथ लापरवाही बरतते पाई गईं 07 बसों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के अंतर्गत विधिवत चालानी कार्यवाही करते हुए कुल 21,000 रुपए का जुर्माना अधिरोपित किया गया । ट्रैफिक थाना प्रभारी अजयप्रताप सिंह द्वारा संबंधित बस संचालकों एवं चालकों को सख्त हिदायत दी गई कि 24 घंटे के भीतर सभी कमियों को दूर कर बसों को पूर्णत: सुरक्षित एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित करें । निर्धारित समयावधि में सुधार नहीं किए जाने की स्थिति में संबंधित बसों को थाने में खड़ा कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा तथा आगे और कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी । इस अवसर पर ट्रैफिक पुलिस द्वारा बस संचालकों को समझाइश दी गई कि यात्रियों की सुरक्षा केवल कानूनी दायित्व ही नहीं बल्कि उनकी नैतिक जिम्मेदारी भी है । ट्रैफिक पुलिस द्वारा आगे भी इस प्रकार के सघन चेकिंग अभियान एवं जनजागरूकता गतिविधियां निरंतर जारी रखी जाएंगी, जिससे शहर में सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं अनुशासित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके, जिससे आमजन का पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0