गुना में यातायात सुधार को कलेक्टर कन्याल और एसपी वासल का निरीक्षण, पार्किंग व रूट डायवर्जन के लिए स्थान चिह्नित; अवैध गुमटी हटाई, चौराहों पर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और नागरिकों को जाम की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने शहर के प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों का भ्रमण किया।
इस दौरान पार्किंग के लिए स्थान चिह्नित करने, प्रमुख तिराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, सड़कों पर व्हाइट लाइन डलवाने, आवश्यकतानुसार रूट डायवर्जन करने और अतिक्रमण हटाने के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने कहा कि भ्रमण के दौरान यातायात सुधार की कार्ययोजना के लिए सभी स्थानों का मौके पर निरीक्षण कर लिया गया है। अब इस कार्ययोजना का चरणबद्ध तरीके से क्रियान्वयन किया जाएगा।
प्रमुख चौराहों का भ्रमण कर देखी यातायात व्यवस्था
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने हनुमान चौराहा, तेलघानी चौराहा और स्टेशन तिराहा, जयस्तंभ चौराहा सहित शहर के प्रमुख स्थलों का भ्रमण किया। इस दौरान यातायात को व्यवस्थित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर देखा कि किन स्थानों पर पार्किंग विकसित की जा सकती है तथा कहां यातायात को सुगम बनाने के लिए व्हाइट लाइन डालने, मार्ग परिवर्तन करने अथवा किसी मार्ग को आवश्यकतानुसार बंद करने की जरूरत है। इस दौरान आम नागरिकों से भी सुझाव प्राप्त किए गए।

कोऑपरेटिव बैंक के पीछे पार्किंग विकसित करने के निर्देश
भ्रमण के दौरान कोऑपरेटिव बैंक के पीछे स्थित खाली जगह का उपयोग पार्किंग के रूप में करने के निर्देश मुख्य नगरपालिका अधिकारी शैलेश अवस्थी को दिए गए। इसके बाद अधिकारी पैदल ब्रिज से होते हुए भुल्लनपुरा तिराहे पहुंचे। यहां यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने के संबंध में निर्देश दिए गए।
अवैध गुमटी तत्काल हटाई
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक बजरंगगढ़ बाईपास होते हुये मारुति शोरूम तिराहे पर पहुंचे। यहां अवैध रूप से रखी गुमटी को तत्काल हटवाया गया। अधिकारियों ने शहर में यातायात बाधित करने वाले स्थानों को चिह्नित कर आवश्यक कार्रवाई करने पर जोर दिया।
बोहरा मस्जिद रोड पर सफाई और मेडिकल स्टोर की जांच के निर्देश
भ्रमण के दौरान बोहरा मस्जिद रोड के दोनों ओर सफाई कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) को मेडिकल स्टोरों की जांच करने के लिए कहा गया।
बोहरा कॉम्प्लेक्स, बापू पार्क होते हुए जयस्तंभ चौराहे पर भ्रमण का समापन
शहर की यातायात व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक बोहरा कॉम्प्लेक्स होते हुए बापू पार्क पहुंचे। इसके बाद जयस्तंभ चौराहे पर भ्रमण का समापन हुआ। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर यातायात को व्यवस्थित करने, पार्किंग की व्यवस्था विकसित करने और आवश्यक सुधार कार्यों के संबंध में चर्चा की गई। कलेक्टर ने कहा कि भ्रमण के दौरान प्रस्तावित व्यवस्थाओं को मौके पर देखकर कार्ययोजना तैयार की गई है। अब संबंधित विभाग आपसी समन्वय से इन व्यवस्थाओं को लागू करने की दिशा में कार्य करेंगे।
इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता गुप्ता, जिलाध्यक्ष, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सुमन, एसडीएम, मुख्य नगरपालिका अधिकारी शैलेश अवस्थी, तहसीलदार मयंक तिवारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)