नवादा सदर अस्पताल के निर्माण में लायें तेजी - DM
नवादा (आरएनआई) जिला पदाधिकारी, रवि प्रकाश की अध्यक्षता में आज उनके कार्यालय कक्ष में स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन, भवन प्रमंडल, Bihar Medical Services & Infrastructure Corporation Limited (BMSICL) एवं Bihar State Educational Infrastructure Development Corporation Ltd (BSEIDC) से संबंधित विकास योजनाओं एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। सर्वप्रथम BMSICL द्वारा नवादा जिला अंतर्गत निर्माणाधीन स्वास्थ्य अवसंरचना योजनाओं की समीक्षा की गई। सदर अस्पताल निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा के दौरान कार्य की धीमी गति पर जिला पदाधिकारी ने संबंधित अभियंता से पृच्छा की।अभियंता द्वारा बताया गया कि विगत कई माह से संवेदक का लगभग 15 करोड़ रुपये का भुगतान लंबित है, जिसके कारण कार्य की गति प्रभावित हुई है। भुगतान में विलंब के चलते संसाधनों एवं मानवबल की उपलब्धता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है, जिससे निर्माण कार्य अपेक्षित गति से नहीं चल पा रहा है। इस पर जिला पदाधिकारी ने लंबित भुगतान के संबंध में उच्च स्तर पर समन्वय स्थापित कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिला पदाधिकारी द्वारा कहा गया के नवादा में आरोबी के निर्माण के क्रम में वर्तमान सदर अस्पताल का भी भाग प्रभावित होगा। उस परिस्थिति में बीएमएसआईसीएल नए सदर अस्पताल का निर्माण जल्दी पूरा कर सदर अस्पताल को वहाँ स्थानांतरित होने के लिए स्वास्थ्य विभाग को हस्तगत करना सुनिश्चित करे ।
समीक्षा के क्रम में जिलान्तर्गत कुल 22 प्री-फैब्रिकेटेड हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के निर्माण की स्थिति प्रस्तुत की गई। बताया गया कि 17 स्थलों पर निर्माण कार्य प्रगति पर है, जबकि 05 स्थलों पर भूमि उपलब्ध नहीं होने के कारण कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है। जिला पदाधिकारी के द्वारा संबंधित अंचल अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर अविलंब भूमि चिन्हित करते हुए निर्माण कार्य प्रारंभ करना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इसके उपरांत BSEIDC द्वारा शिक्षा विभाग अंतर्गत विद्यालय भवनों एवं शैक्षणिक आधारभूत संरचनाओं के निर्माण की प्रगति से अवगत कराया गया। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन स्थलों पर कार्य लंबित है, वहाँ बाधाओं का त्वरित निराकरण कर निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाए।उन्होंने BMSICL एवं BSEIDC के अभियंताओं को विशेष रूप से निर्देशित किया कि सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं में किसी भी परिस्थिति में विलंब न हो।
भवन प्रमंडल द्वारा विभिन्न प्रशासनिक, शैक्षणिक एवं सामुदायिक भवनों के निर्माण कार्य की अद्यतन जानकारी दी गई। समीक्षा के दौरान गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन करने, नियमित स्थलीय निरीक्षण सुनिश्चित करने तथा उपयोगिता प्रमाण-पत्र समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। सभी स्वीकृत प्रखंड भवन के निर्माण के अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई तथा उनमें प्रगति लाने का निदेश दिया गया। नरहट में 100 बेड छात्रावास के निर्माण में भी आ रही बाधाओं के निराकरण के लिए आवश्यक निदेश दिए गए । अटल कला भवन के निर्माण का कार्य एक सप्ताह में प्रारंभ करने हेतु कहा गया । बैठक में मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना, सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना, कब्रिस्तान घेराबंदी योजना, सामुदायिक भवन-सह-वर्कशेड योजना, पंचायत सरकार भवन निर्माण आदि योजनाओं की अद्यतन स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश ने सभी संबंधित कार्यपालक अभियंताओं एवं पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वीकृत योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करना सुनिश्चित करें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)