दिल्ली पुलिस में बड़ा खुलासा: तबादले के बाद 215 से ज्यादा जवान 'लापता', नई पोस्टिंग पर नहीं पहुंचे
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की आंतरिक समन्वय बैठक में बड़ा खुलासा हुआ है। तबादले के बाद 215 से अधिक पुलिसकर्मी नई तैनाती वाली यूनिट में रिपोर्ट किए बिना ही व्यवस्था से बाहर हो गए हैं। उनकी मौजूदा तैनाती और वेतन किस यूनिट से जारी हो रहा है, इसे लेकर पुलिस मुख्यालय के पास भी स्पष्ट जानकारी नहीं है।
यह मामला पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा की अध्यक्षता में हुई समन्वय बैठक में सामने आया। बैठक के दौरान अतिरिक्त पुलिस आयुक्त संजय भाटिया ने बताया कि कई पुलिसकर्मी पुराने जिले से रिलीव होने के बावजूद नई यूनिट में आमद दर्ज कराने नहीं पहुंचे। इस पर पुलिस आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल स्थिति स्पष्ट करने और पूरी व्यवस्था की समीक्षा के निर्देश दिए।
बैठक में भ्रष्टाचार के मामलों पर भी सख्त रुख अपनाया गया। पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिया कि रिश्वत लेते पकड़े जाने या भ्रष्टाचार में संलिप्त पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच अधिकतम तीन महीने में पूरी कर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इसके अलावा, लंबे समय से अनौपचारिक अटैचमेंट पर तैनात पुलिसकर्मियों की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए गए। अधिकारियों ने माना कि एक जिले से वेतन लेकर दूसरे स्थान पर वर्षों तक तैनाती जवाबदेही को कमजोर करती है और भ्रष्टाचार की आशंका बढ़ाती है। पुलिस आयुक्त ने ऐसी व्यवस्था खत्म करने और नियमित समीक्षा के निर्देश भी दिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)