राम मंदिर चंदा विवाद: दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई? इंद्रेश कुमार बोले- सरकार के लिए कोई अपना-पराया नहीं
अयोध्या: राम मंदिर के दानपात्र से कथित चोरी और चंदे में वित्तीय अनियमितताओं के मामले पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के वरिष्ठ नेता इंद्रेश कुमार ने कहा कि सरकार, संगठन और ट्रस्ट के लिए कोई अपना या पराया नहीं होता। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
इंद्रेश कुमार ने RSS सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि यह देशभर के करोड़ों स्वयंसेवकों और रामभक्तों की भावनाओं का प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने राजनीतिक दलों से इस मामले का राजनीतिकरण न करने की अपील की और कहा कि सभी को जांच प्रक्रिया पर भरोसा रखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि संघ हमेशा समान न्याय की बात करता आया है। जांच पूरी पारदर्शिता के साथ होगी और सच सामने आने के बाद दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
इससे पहले RSS सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले ने कहा था कि अयोध्या स्थित श्रीरामलला मंदिर के दानपात्र से कथित चोरी की घटना ने करोड़ों रामभक्तों की आस्था को गहरी ठेस पहुंचाई है। उन्होंने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि समाज इस घटना से आहत है।
होसबोले ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुरोध पर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। SIT की सिफारिशों के आधार पर कानूनी कार्रवाई शुरू हो चुकी है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि इस घटना को गंभीरता से लेते हुए मंदिर की वित्तीय व्यवस्था, प्रबंधन और कार्यप्रणाली में आवश्यक सुधार किए जाने चाहिए, ताकि अयोध्या आने वाले लाखों श्रद्धालुओं का विश्वास और आस्था पूरी तरह कायम रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)