पहली बारिश में हाईवे की खुली पोल, जगह-जगह जलभराव; NHAI को नगर निगम का नोटिस
आगरा में मानसून की पहली ही बारिश ने नेशनल हाईवे की तैयारियों की पोल खोल दी। हाईवे के कई हिस्सों में जलभराव होने से शुक्रवार को लंबा जाम लग गया और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति को देखते हुए नगर निगम ने 16 जलभराव वाले स्थान चिह्नित कर नालों की सफाई न कराने पर एनएचएआई को नोटिस जारी किया है।
नगर निगम के अनुसार, रामबाग, वाटरवर्क्स, सिकंदरा, सब्जी मंडी समेत कई इलाकों में बारिश का पानी भर गया। सर्वे के दौरान सिकंदरा से रामबाग तक 16 ऐसे स्थानों की पहचान की गई, जहां जलनिकासी की व्यवस्था पर्याप्त नहीं मिली। आरोप है कि मई और जून के दौरान एनएचएआई ने नालों की समय पर सफाई नहीं कराई, जिसके कारण पहली ही बारिश में पानी सड़कों पर भर गया।
अरतौनी और रूनकता क्षेत्र पहले भी जलभराव की समस्या से प्रभावित रहे हैं। दो वर्ष पहले यहां पानी भरने से कई कारें डूब गई थीं, लेकिन इसके बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया गया। इस बार भी नालों के चोक होने से सर्विस लेन पर पानी जमा हो गया और यातायात प्रभावित रहा।
एनएचएआई मथुरा के घटना प्रबंधक दीपक खटाना ने कहा कि उन्हें अभी तक नोटिस प्राप्त नहीं हुआ है, हालांकि नालों की सफाई का कार्य कराया जा रहा है। वहीं, एनएचएआई आगरा के परियोजना अधिकारियों का कहना है कि जलभराव वाले सभी स्थानों पर सफाई और जलनिकासी व्यवस्था सुधारने के लिए टीमों को निर्देश दे दिए गए हैं।
नगर निगम ने जिन प्रमुख स्थानों को जलभराव प्रभावित क्षेत्र के रूप में चिह्नित किया है, उनमें सिकंदरा, गुरु का ताल, लेमन ट्री होटल, आईएसबीटी, खंदारी, भगवान टॉकीज, गांधी नगर, वाटरवर्क्स, कौशलपुर, सुल्तानगंज पुलिया, हाथरस रोड, ईंट मंडी, टेढ़ी बगिया, ओपी कोल्ड स्टोरेज, रामबाग और शाहदरा अंडरपास शामिल हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)