दिल्ली-एनसीआर में बारिश से बदला मौसम, नोएडा समेत कई इलाकों में झमाझम बरसात; आज भी येलो अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। बुधवार देर रात शुरू हुई बारिश का सिलसिला गुरुवार तक जारी रहा और शुक्रवार सुबह भी दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम समेत कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई। लगातार बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली, हालांकि कई जगह जलभराव और ट्रैफिक जाम ने परेशानी भी बढ़ा दी।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज भी दिल्ली और एनसीआर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम, जबकि कुछ इलाकों में तेज बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
गुरुवार को हुई बारिश के बाद राजधानी के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई। सदर बाजार सहित कई क्षेत्रों में घुटनों तक पानी भर गया, जिससे लोगों और दुकानदारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई दुकानों में पानी घुस गया और सड़कों पर कचरा तैरता नजर आया।
वहीं, गौतम बुद्ध नगर में सुबह से हो रही बारिश के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। मॉडल टाउन गोल चक्कर के पास एनएच-9 पर एक निजी बस खराब होने से लंबा जाम लग गया। सेक्टर-52, पर्थला चौक, कालिंदी कुंज, सेक्टर-18 और अन्य प्रमुख मार्गों पर भी वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। शुक्रवार को भी कई इलाकों में ट्रैफिक धीमी गति से चलता रहा।
मौसम विभाग ने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने, आवश्यक होने पर ही यात्रा करने और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)