जामिया में छात्र संघ चुनाव की मांग पर बवाल, गेट नंबर-7 से कैंपस में घुसे छात्र; कई हिरासत में
नई दिल्ली। जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन शनिवार को उग्र हो गया। भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों को सुबह परिसर से हटाए जाने के बाद विश्वविद्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। शाम को प्रदर्शनकारी छात्रों का एक समूह गेट नंबर-7 से परिसर के अंदर दाखिल हो गया। इस दौरान पुलिस ने कई छात्रों को हिरासत में लिया, हालांकि बाद में सभी को रिहा किए जाने की जानकारी सामने आई।
छात्र पिछले कई दिनों से छात्र संघ की बहाली और चुनाव की तारीख घोषित करने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे थे। शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे विश्वविद्यालय के सुरक्षाकर्मियों ने प्रदर्शन स्थल से छात्रों को हटा दिया। छात्रों ने आरोप लगाया कि इस दौरान उनके साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किया गया, जबकि विश्वविद्यालय प्रशासन ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि छात्रों की तबीयत बिगड़ने के कारण उन्हें अस्पताल भेजा गया था।
घटना के विरोध में दिनभर विश्वविद्यालय के बाहर प्रदर्शन चलता रहा। शाम को छात्रों ने गेट नंबर-7 पर जुटकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और परिसर में प्रवेश करने की कोशिश की। कुछ प्रदर्शनकारी गेट पार कर अंदर पहुंच गए, जिसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप किया। स्थिति को देखते हुए परिसर के बाहर भारी संख्या में दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा बल तैनात किए गए।
इस बीच, विश्वविद्यालय प्रशासन ने आंदोलन में शामिल कुछ छात्रों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की है। छात्र संगठनों के अनुसार, एक छात्र को एक साल के लिए निष्कासित किया गया है, जबकि अन्य छात्रों पर भी निलंबन और परिसर में प्रवेश पर रोक जैसी कार्रवाई की गई है। छात्र संगठनों ने इन आदेशों को वापस लेने और कथित मारपीट की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
जामिया में छात्र संघ चुनाव वर्ष 2006 के बाद से नहीं हुए हैं। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि निर्वाचित छात्र संघ से विद्यार्थियों को अपनी समस्याएं उठाने और प्रशासनिक फैसलों में प्रतिनिधित्व पाने का अवसर मिलेगा। वहीं, विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि विभागों और केंद्रों में छात्र प्रतिनिधित्व के लिए सब्जेक्ट एसोसिएशन की व्यवस्था पहले से मौजूद है।
फिलहाल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है। छात्र संघ चुनाव की बहाली, अनुशासनात्मक कार्रवाई और प्रदर्शन के दौरान कथित दुर्व्यवहार को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन और छात्र संगठनों के बीच विवाद जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)