टीएमसी से निलंबित हुमायूं कबीर ने बदला नई पार्टी का नाम, चुनाव आयोग की आपत्ति के बाद लिया फैसला
कोलकाता (आरएनआई)। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस से निलंबित विधायक हुमायूं कबीर को अपनी नई राजनीतिक पार्टी का नाम बदलना पड़ा है। भारत निर्वाचन आयोग की आपत्ति के बाद उन्होंने अपनी पार्टी का नया नाम ‘आम जनता उन्नयन पार्टी’ (एजेयूपी) घोषित किया है।
मुर्शिदाबाद जिले की भरतपुर विधानसभा सीट से विधायक कबीर ने शुरुआत में अपनी पार्टी का नाम ‘जनता उन्नयन पार्टी’ (जेयूपी) रखा था। हालांकि निर्वाचन आयोग ने इस नाम को स्वीकार करने से इनकार कर दिया, क्योंकि इसी नाम से एक अन्य राजनीतिक दल पहले से पंजीकृत है। इसके बाद कबीर ने नया प्रस्ताव भेजा और पार्टी का नाम बदलकर ‘आम जनता उन्नयन पार्टी’ कर दिया।
कबीर ने बताया कि पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने उनके पुराने नाम की सिफारिश दिल्ली स्थित आयोग मुख्यालय को भेजी थी, लेकिन वहां से स्पष्ट किया गया कि यह नाम पहले से आरक्षित है। इसके बाद वह स्वयं अपने प्रतिनिधियों के साथ दिल्ली पहुंचे और नए नाम का प्रस्ताव प्रस्तुत किया, जिसे स्वीकार कर लिया गया।
हुमायूं कबीर का निलंबन भी विवादों में रहा था। तृणमूल कांग्रेस ने उन्हें बेलडांगा में एक मस्जिद के शिलान्यास को लेकर दिए गए बयान के बाद पार्टी से निलंबित कर दिया था। उनके बयान के बाद राजनीतिक विवाद बढ़ गया और पार्टी ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की।
निलंबन के बाद 22 दिसंबर 2025 को कबीर ने नई पार्टी बनाने की घोषणा की थी और संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों के नाम भी सार्वजनिक किए थे। अब वह आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी के प्रत्याशी उतारने की तैयारी में हैं। कबीर ने भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ अन्य दलों से गठबंधन की संभावनाओं के संकेत भी दिए हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)