ओडिशा में एंटी-नक्सल ऑपरेशन की बड़ी सफलता, बोलनगीर और बरगढ़ जिले घोषित नक्सल मुक्त

Monday, March 2, 2026 - 13:21
0
ओडिशा में एंटी-नक्सल ऑपरेशन की बड़ी सफलता, बोलनगीर और बरगढ़ जिले घोषित नक्सल मुक्त

भुवनेश्वर (आरएनआई)। ओडिशा पुलिस को नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। राज्य सरकार ने बोलनगीर जिला और बरगढ़ जिला को आधिकारिक तौर पर नक्सल मुक्त घोषित कर दिया है। यह घोषणा 15 माओवादियों के आत्मसमर्पण के बाद की गई, जिन्होंने पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में आयोजित एक कार्यक्रम में सुरक्षाबलों के सामने हथियार डाले।

ओडिशा के डीजीपी वाई.बी. खुरानिया ने बताया कि राज्यभर में लगातार चलाए गए संयुक्त अभियानों, सटीक खुफिया सूचना और स्थानीय लोगों के सहयोग से यह उपलब्धि हासिल हुई है। उन्होंने कहा कि अब राज्य में नक्सल मुक्त जिलों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। इनमें नुआपाड़ा, नबरंगपुर, कोरापुट, मलकानगिरी, बौध, बोलनगीर और बरगढ़ शामिल हैं।

डीजीपी के अनुसार, आत्मसमर्पण करने वाले माओवादी बरगढ़, बोलनगीर और महासमुंद के सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय थे। इस सफलता के बाद प्रसिद्ध गंधमर्दन पहाड़ियों वाला इलाका भी पूरी तरह शांतिपूर्ण हो गया है। उन्होंने ऑपरेशन में शामिल पुलिस अधिकारियों और जवानों की सराहना करते हुए जनता के सहयोग के लिए आभार जताया।

हालांकि राज्य के तीन जिलों—कंधमाल, रायगढ़ा और कालाहांडी—में अब भी माओवादियों की सीमित मौजूदगी बनी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि राज्य में अब करीब 25 माओवादी सक्रिय हैं, जिनमें अधिकांश कंधमाल जिले में छिपे होने की आशंका है।

एडीजी संजीव पांडा ने जानकारी दी कि कंधमाल के जंगलों में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस को सूचना मिली है कि मोस्ट वांटेड माओवादी नेता सुकरू दारिंगबाड़ी और रायकिया थाना क्षेत्रों में छिपा हो सकता है। सुरक्षाबल इलाके में लगातार तलाशी अभियान चला रहे हैं और नक्सल समस्या को पूरी तरह समाप्त करने के लिए अभियान जारी रहेगा।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User