कोहरे की चपेट में उत्तर भारत, हवाई और रेल यातायात प्रभावित; कई उड़ानें रद्द, ट्रेनें लेट
नई दिल्ली (आरएनआई)। उत्तर भारत इन दिनों भीषण ठंड और घने कोहरे की चपेट में है। रविवार सुबह कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम रही, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। कोहरे का सबसे ज्यादा असर हवाई सेवाओं पर देखने को मिला, जहां कई उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि अनेक ट्रेनों की रफ्तार भी थम गई।
पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक शनिवार को सर्द हवाओं ने लोगों को ठिठुरा दिया। सुबह और रात के समय घना कोहरा छाए रहने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। दृश्यता कम होने के कारण दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई शहरों में यातायात सेवाएं प्रभावित रहीं। अकेले दिल्ली में ही 129 उड़ानें रद्द की गईं, जिनमें 63 प्रस्थान और 66 आगमन वाली उड़ानें शामिल थीं। रविवार को भी कई उड़ानें रद्द रहीं और कुछ में देरी दर्ज की गई।
इंडिगो एयरलाइन ने खराब मौसम को देखते हुए यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइन के अनुसार, बेंगलुरु और अमृतसर सहित कई शहरों में दृश्यता कम होने से उड़ानों के संचालन पर असर पड़ा है। इंडिगो ने कहा कि उसकी टीमें लगातार मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और यात्रियों की सुरक्षा व सुविधा को प्राथमिकता देते हुए उड़ानों का संचालन किया जा रहा है।
घने कोहरे का असर सड़कों पर भी साफ दिखाई दिया, जहां वाहनों की रफ्तार काफी धीमी हो गई। वहीं रेल सेवाएं भी प्रभावित रहीं और कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चलीं। नागरिक उड्डयन मंत्रालय, हवाई अड्डा प्राधिकरण और विभिन्न एयरलाइनों ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी उड़ान या ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य ले लें।
इंडिगो ने अपनी एडवाइजरी में यह भी कहा है कि रविवार सुबह दिल्ली और उत्तर भारत के कई हिस्सों में घना कोहरा रहने की संभावना है, जिससे उड़ानों के समय में बदलाव या देरी हो सकती है। एयरलाइन ने यात्रियों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया है कि मौसम की चुनौती के बीच असुविधा कम से कम करने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



