भारत में बड़े पैमाने पर एच-1बी वीजा अपॉइंटमेंट रद्द, आवेदकों की मुश्किलें बढ़ीं
नई दिल्ली (आरएनआई)। अमेरिका के वीजा नियमों में हालिया सख्ती का असर अब भारत में साफ दिखाई देने लगा है। बड़े पैमाने पर पहले से तय एच-1बी वीजा अपॉइंटमेंट्स अचानक रद्द कर दिए गए हैं, जिससे अमेरिका जाने की तैयारी कर रहे हजारों आवेदकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रद्द की गई अधिकांश अपॉइंटमेंट्स दिसंबर माह में निर्धारित थीं, जिन्हें अब कई महीनों बाद के लिए री-शेड्यूल किया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिकी सरकार द्वारा वीजा प्रक्रिया के दौरान सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच जैसे सख्त प्रावधान लागू किए जाने के बाद यह कदम उठाया गया है। नए निर्देशों का सबसे ज्यादा असर उन आवेदकों पर पड़ा है, जिनकी वीजा अपॉइंटमेंट 15 दिसंबर के बाद तय थी। इनमें से कई लोगों के इंटरव्यू अब सीधे अक्तूबर 2026 तक के लिए निर्धारित कर दिए गए हैं, जिससे उनकी योजनाएं पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गई हैं।
भारत स्थित अमेरिकी दूतावास ने इस संबंध में वीजा आवेदकों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। दूतावास ने अपील की है कि जिन आवेदकों को ईमेल के माध्यम से अपॉइंटमेंट री-शेड्यूल होने की सूचना मिल चुकी है, वे अपनी पुरानी तारीख पर इंटरव्यू के लिए दूतावास न आएं। दूतावास ने चेतावनी दी है कि पुराने शेड्यूल पर पहुंचने वाले आवेदकों को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
ट्रंप प्रशासन द्वारा वीजा नियमों में लाई गई सख्ती के चलते पूरी वीजा प्रक्रिया में अब पहले की तुलना में कहीं अधिक समय लग रहा है। इसका सीधा असर उन लोगों पर पड़ा है, जो इंटरव्यू के लिए भारत आए हुए हैं और अब नया वीजा जारी होने तक अमेरिका लौटकर अपनी नौकरी जॉइन नहीं कर पा रहे हैं। एच-1बी के अलावा अन्य वीजा श्रेणियों के कई आवेदन भी इसी वजह से अटके हुए हैं।
इस फैसले की अमेरिका के अप्रवासन मामलों के वकीलों ने भी आलोचना की है। उनका कहना है कि एच-1बी वीजा अपॉइंटमेंट्स का इस तरह बड़े पैमाने पर रद्द होना न केवल आवेदकों के लिए, बल्कि अमेरिका की कंपनियों और नियोक्ताओं के लिए भी गंभीर चुनौतियां खड़ी करेगा, क्योंकि इससे कुशल पेशेवरों की उपलब्धता प्रभावित हो सकती है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



