करंट से युवक की मौत, खागा विधायक पहुंची गांव, परिवार को ढांढस बंधाते हुए सख्त कार्यवाही की मांग
खागा, फतेहपुर (आरएनआई) कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत खैरई के मजरे लोधन का पुरवा में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। राम प्रताप लोधी के 22 वर्षीय पुत्र दिनेश कुमार लोधी की करंट की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। इस दुखद सूचना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक दिनेश अपने परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था, जिससे परिजनों पर दुःख का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की जानकारी मिलते ही खागा विधानसभा की विधायक कृष्णा पासवान पीड़ित परिवार के आवास पर पहुंचीं। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया। विधायक ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इस प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विद्युत विभाग के कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही किए जाने की मांग की। पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा। विधायक कृष्णा पासवान ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष सहित अन्य योजनाओं से आर्थिक सहायता दी जाए। साथ ही, उन्होंने इस घटना की निष्पक्ष जांच करवाने की भी बात कही। इस दौरान खागा तहसीलदार, हल्का दरोगा, विद्युत विभाग के अधिकारी, भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। ग्रामीणों ने भी विधायक के समक्ष बिजली व्यवस्था में लापरवाही की शिकायत की और सुधार की मांग की। विधायक ने आश्वासन दिया कि दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों, इसके लिए कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



