ओपनएआई का GPT-5 लॉन्च, CEO ऑल्टमैन बोले- भारत बन सकता है हमारा सबसे बड़ा बाजार

ओपनएआई ने अपने अगली पीढ़ी के मॉडल जीपीटी-5 को लॉन्च कर दिया है। इसे तीन अलग-अलग रूपों में लॉन्च किया गया है, इनमें जीपीटी-5, जीपीटी-5-मिनी और जीपीटी-5-नैनो शामिल हैं। नया मॉडल 12 से ज्यादा भारतीय भाषाओं को बेहतर तरीके से समझ सकता है। 

Aug 8, 2025 - 17:54
 0  81
ओपनएआई का GPT-5 लॉन्च, CEO ऑल्टमैन बोले- भारत बन सकता है हमारा सबसे बड़ा बाजार

नई दिल्ली (आरएनआई) ओपनएआई ने बुधवार को अपने अगली पीढ़ी के मॉडल GPT-5 को लॉन्च किया, जो सभी लोगों के लिए मुफ्त में उपलब्ध होगा। इस मौके पर कंपनी के सीईओ सैम ऑल्टमैन ने कहा कि भारत, जो अभी ओपनएआई का दूसरा सबसे बड़ा बाजार है, जल्द ही दुनिया में उसका सबसे बड़ा बाजार बन सकता है। 

सैम ऑल्टमैन ने भारत को बहुत तेजी से बढ़ता हुआ बाजार बताया। उन्होंने कहा कि यहां के लोग और कंपनियां जिस तरह से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को अपना रहे हैं, वो बहुत ही जबरदस्त है। उन्होंने कहा, 'भारत हमारे लिए अमेरिका के बाद दूसरा सबसे बड़ा बाजार है, और यह सबसे बड़ा भी बन सकता है। यहां के लोग AI के साथ जो कुछ कर रहे हैं, वह बहुत ही उल्लेखनीय है।'

ऑल्टमैन ने यह भी बताया कि ओपनएआई भारत के लिए खास तौर पर बनाए उत्पाद पर काम कर रहा है। इसके लिए कंपनी स्थानीय भागीदारों के साथ मिलकर काम कर रही है, ताकि AI को भारत में सस्ती और उपयोगी तकनीक बनाया जा सके। सैम ऑल्टमैन ने एक मीडिया ब्रीफिंग के दौरान कहा कि वे सितंबर में भारत आने वाले हैं और भारत की तेज तरक्की को देखकर बहुत उत्साहित हैं। 

ओपनएआई ने बृहस्पतिवार को GPT-5 के लॉन्च की घोषणा की। साथ ही इसे 'कोडिंग और एजेंटिक कार्यों के लिए अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ मॉडल' बताया। कंपनी ने बताया कि GPT-5 को तीन अलग-अलग रूपों में लॉन्च किया गया है, इनमें gpt-5, gpt-5-mini, और gpt-5-nano शामिल हैं। इससे डेवलपर्स को उनकी जरूरत के हिसाब से तेजी, कीमत और परफॉर्मेंस में संतुलन बनाने में मदद मिलेगी।

चैटजीपीटी में GPT-5 जहां तर्क, गैर-तर्क और राउटर मॉडल की एक प्रणाली है, वहीं एपीआई प्लेटफॉर्म में GPT-5 वह तर्क मॉडल है, जो चैटजीपीटी में अधिकतम प्रदर्शन को सशक्त बनाता है। ओपनएआई ने एक ब्लॉगपोस्ट में कहा, 'न्यूनतम तर्क वाला GPT-5, चैटजीपीटी के गैर-तर्क मॉडल से अलग मॉडल है, और डेवलपर्स के लिए बेहतर रूप से अनुकूलित है। चैटजीपीटी में इस्तेमाल किया जाने वाला गैर-तर्कसंगत मॉडल gpt-5-chat-latest के रूप में उपलब्ध है।'

सैम ऑल्टमैन ने कहा कि GPT-5, पहले वाले मॉडल GPT-4 से कहीं बेहतर और एडवांस्ड है। यह आर्टिफिशियल जनरल इंटेलिजेंस (AGI) की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा, 'GPT-5 ऐसा लगता है जैसे आप किसी असल एक्सपर्ट (जैसे PhD करने वाले) से बात कर रहे हों। और हम चाहते हैं कि ये आसान और सभी के लिए सुलभ हो। इसलिए इसे मुफ्त टियर में भी उपलब्ध कराया गया है।'

चैटजीपीटी के प्रमुख निक टर्ली ने कहा कि नया मॉडल 12 से ज्यादा भारतीय भाषाओं को बेहतर तरीके से समझ सकता है। उन्होंने कहा कि ये बहुत ही रोमांचक है, क्योंकि भारत हमारे लिए एक प्राथमिकता वाला बाजार है। जीपीटी-5 सात अगस्त से मुफ्त, प्लस और प्रो उपयोगकर्ताओं के लिए लॉन्च किया गया है। एंटरप्राइज और एजुकेशन उपयोगकर्ताओं को इसकी सुविधा एक हफ्ते बाद मिलेगी।  

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.